नई दिल्ली। मौसम विभाग ने 25 जून को ज्यादातर राज्यों में भारी बारिश, आंधी तूफान और बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया है। जम्मू से लेकर केरल तक, और गुजरात से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक बारिश होगी।

देशभर के ज्यादातर राज्यों में कल यानी कि 25 जून को बारिश होगी। कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है तो कहीं हल्की बरसात होगी। इसके अलावा, आंधी तूफान और तेज बिजली कड़कने का भी अलर्ट है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक समेत ज्यादातर राज्यों में बारिश होगी। उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कल बारिश का अलर्ट है।

इसके अलावा, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश होगी। चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली में तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। इस दौरान आंधी की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी कल बारिश होगी। विदर्भ, मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में तेज हवाओं और कहीं कहीं आंधी तूफान और बिजली कड़कने का अलर्ट है। विदर्भ के इलाकों में कल भारी बारिश होगी। अंडमान और निकोबार द्वीप, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश होगी। बिहार, झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। इन राज्यों में बिजली कड़कने की भी चेतावनी जारी की गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून की वजह से ज्यादातर जगह तेज बारिश का दौर जारी है असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा में भारी बारिश होने वाली है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, गुजरात में कल बरसात होगी। गोवा और कोंकण में आंधी तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है। वहीं, दक्षिण भारत के लिए मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में बारिश होगी। केरल, माहे, तेलंगाना में तेज बारिश का अलर्ट है। 25 जून को केरल, माहे, लक्षद्वीप में आंधी तूफान और बिजली कड़ने का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, तापमान की बात करें तो महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कल तक धीरे धीरे दो से चार डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि, उसके कुछ दिन बाद फिर से दो से चार डिग्री तक बढ़ जाएगा। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगह हीटवेव चल सकती है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो उत्तर प्रदेश, विदर्भ के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 4043 डिग्री तक रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना में कुछ अलग अलग जगहों पर भी तापमान इसी तरह का रहा, लेकिन बाकी इलाकों में यह 40 से नीचे रहा। दिन के समय अब भी यूपी समेत कुछ राज्यों में गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि यूपी के कुछ इलाकों में अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून आ जाएगा, जिससे बारिश का दौर लंबे समय तक चलेगा।