
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में मासूम बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) कुंदन किशोर सिंह की कोर्ट ने तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए आदेश दिया है कि तीनों अपने जीवन की आखिरी सांस तक जेल में रहेंगे। इसके साथ ही अदालत ने कुल 1.53 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है जिसमें से 1.50 लाख रुपये पीड़िता के पुनर्वास के लिए देने का निर्देश दिया गया है।
बर्फ लेने गई 10 साल की बच्ची को बहाने से घर में ले गए थे दोषी
यह वारदात आगरा के एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र स्थित शाहदरा इलाके की है। विशेष अभियोजन अधिकारी सतेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक 18 जुलाई 2021 को दोपहर करीब 12:30 बजे वादी की 10 साल की बेटी बर्फ लेने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान इलाके के ही रहने वाले सोनी उर्फ इरफान, जाहिद और आदिल बच्ची को बहाने से अपने घर के अंदर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों के घर से आई रोने की आवाज, तब खुला राज
काफी देर बीत जाने के बाद भी जब बच्ची वापस घर नहीं लौटी तो घबराए परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ढूंढते हुए जब बच्ची की मां आरोपियों के घर के पास से गुजरी तो अंदर से बेटी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
परिजनों ने तुरंत दरवाजा खुलवाया, जहां मासूम गंभीर हालत में मिली। परिवार के लोग बच्ची को फौरन अस्पताल लेकर पहुंचे और एत्मादुद्दौला थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन यानी 19 जुलाई 2021 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
28 दिन में चार्जशीट, पीड़िता की गवाही और FSL रिपोर्ट बनी अहम सबूत
इस मामले में पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और वारदात के एक महीने के भीतर 16 अगस्त 2021 को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। सुनवाई के दौरान विशेष अभियोजन अधिकारी सतेंद्र प्रताप गौतम ने अदालत में वादी, पीड़िता, उसकी मां, डॉक्टर, निरीक्षक देवेश शंकर पांडेय और पुलिसकर्मी धर्मेंद्र चौधरी समेत कुल सात गवाह पेश किए।
अदालत में मासूम पीड़िता की ठोस गवाही और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट ने अपराध को साबित करने में सबसे अहम भूमिका निभाई जिसके आधार पर कोर्ट ने तीनों को आखिरी सांस तक जेल में रखने की सजा सुनाई।
सीतापुर में भी नाबालिग से गैंगरेप के 6 दोषियों को 20-20 साल की कैद
वहीं, उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में भी नाबालिग से गैंगरेप के आठ साल पुराने मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-15 (पॉक्सो एक्ट) ने सामूहिक दुष्कर्म के छह आरोपियों को दोषी करार देते हुए सभी को 20-20 साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है।
यह मामला सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र का है, जहां साल 2018 में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। आठ साल तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने 5 नवंबर को असुवामऊ गांव निवासी हिमांशु व चंदन और गोंदलामऊ निवासी चुन्नू लाल, खुदन्नू, कांता व मनोज को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।


