Samastipur Police Attack: बिहार के समस्तीपुर में पुलिस की टीम पर हमला किया गया है. गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला किया गया. मामला जिले के विभूतिपुर के पतैलिया गांव के मुसहरी टोल की बताया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों का नाम बिरजू कुमार उर्फ बिरजू सदा, रोहित कुमार, चंदन कुमार और प्रमोद कुमार है. सभी आरोपी पतैलिया वार्ड10 मुसहरी टोल के रहने वाले हैं.

इस हमले में साखमोहन चौकी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अरशद इमाम अंसारी समेत पुलिस बल के जवान घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, यहां साखमोहन चौकी प्रभारी अरशद इमाम अंसारी पुलिस बल के साथ गश्त पर थे. इसी दौरान कर्रख वार्ड1 निवासी संजय मंडल को अवैध देशी शराब के साथ अरेस्ट किया गया. पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी, तभी टीम पर हमला कर दिया गया.

हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पुलिस टीम पर हुए इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. बताया जा रहा है कि एक युवक ने दारोगा का हाथ पकड़कर उन्हें गड्ढे में गिरा दिया. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. दारोगा का फोन छीना गया. उनसे पिस्तौल छीनने की भी कोशिश की गई. गिरफ्तार आरोपी को जबरन छुड़ाने का प्रयास में पुलिस की टीम से धक्कामुक्की और मारपीट की गई. सरकारी वाहन का शीशा तोड़ दिया गया.

ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन ने क्या बताया?

दारोगा पर लोहे के कड़े से सिर पर वार किए जाने की बात भी कही जा रही है. पुलिस बल के अन्य सदस्यों की भी घेरकर पिटाई की गई. किसी ने चुपके से इस पूरी घटना वीडियो बना लिया, जोकि अब सोशल मीडिया पर वायरल है. इस पूरे मामले में ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके ले जाते समय पुलिस की टीम के साथ मारपीट की गई. चौकी इंचार्ज के आवेदन पर थाने में मामला दर्ज किया गया है.

मुकुल रंजन ने बताया कि इस मामले में 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं पुलिस टीम पर हमले की ये मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.