Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है. मौदहा कस्बे में SDM के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की. इस दौरान एक स्वीट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिकारियों के कहने के बावजूद दुकानदार ने अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से इनकार कर दिया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

दुकानदार को दी अपनी ही दुकान की मिठाई

मौदहा कस्बे स्थित मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस पर खाद्य विभाग की टीम ने जांच की. अधिकारियों के मुताबिक, दुकान पर बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की गुणवत्ता और साफसफाई देखी जा रही थी. इसी दौरान सिल्वर वर्क लगी मिठाई का एक पीस दुकान संचालक अन्नी बाबा को खाने के लिए दिया गया.

अधिकारियों ने दुकानदार से मिठाई खाने के लिए कहा, लेकिन उसने मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया. टीम ने कई बार कहा कि यह मिठाई उसी की दुकान की है और इसे खाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके बावजूद दुकानदार ने मिठाई का एक भी टुकड़ा नहीं खाया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कई दुकानों से लिए गए मिठाइयों के सैंपल

खाद्य विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. गोरी शंकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौदहा कस्बे की कई मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया. टीम ने दुकानों में तैयार और बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की गुणवत्ता के साथ साफसफाई की स्थिति भी देखी.

अलगअलग दुकानों से मिठाइयों के कई नमूने लिए गए हैं. इन सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान दो दुकानों पर साफसफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली. इसके अलावा कुछ मिठाइयों में प्रतिबंधित सिल्वर वर्क के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है.

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

SDM करनवीर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकना और दुकानों में साफसफाई सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि दुकानों से लिए गए सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है. प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी मिठाई में मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

छापेमारी की खबर से दुकानदारों में हड़कंप

मौदहा कस्बे में खाद्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई की खबर फैलते ही अन्य मिठाई विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया. कई दुकानदार अपनी दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफसफाई को लेकर सतर्क नजर आए. अधिकारियों ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. छापेमारी के दौरान क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार समेत पुलिस बल भी मौजूद रहा.