पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास रविवार देर रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर रनवे ऑपरेशंस कुछ समय के लिए रोक दिए गए, और अमृतसर आ रही तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया. रात करीब 9 बजे राजासांसी के नजदीकी गांव में ड्रोन गतिविधि देखे जाने की सूचना मिली थी.

जानकारी के मुतााबिक एयरपोर्ट परिसर और आसपास के आसमान में 2 से 3 संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं उड़ती हुई दिखाई दीं. जिससे हड़ंकप मच गया. सुरक्षा कारणों से अमृतसर आने वाली उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा.
इन उड़ानों को किया डायवर्ट
ड्रोन गतिविधि की सूचना के बाद तीन उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया. एयर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर आ रही फ्लाइट AI855 को वापस दिल्ली भेजा गया. इंडिगो की मुंबई से अमृतसर आ रही फ्लाइट 6E5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया वहीं मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही फ्लाइट MH118 को दिल्ली डायवर्ट किया गया. चंडीगढ़ हवाई अड्डे के प्रबंधक ने इंडिगो की फ्लाइट 6E5028 के रूट डायवर्ट की पुष्टि की.
जांच के बाद हवाई सेवाएं बहाल
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात CISF के जवानों ने एयरपोर्ट परिसर और बाहर आसमान में 2 से 3 संदिग्ध वस्तुओं को उड़ते देखा. जिसके बाद जवानों ने फौरन इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी. स्थिति की समीक्षा और सुरक्षा जांच के बाद रात करीब 10:15 बजे हवाई सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गईं.
पिछले महीने सितंबर में भी देखे गए थे ड्रोन
इससे पहले पिछले महीने सितंबर में भी अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन देखे गए थे. जिसके चलते एहतियात के तौर पर कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया था. एयरपोर्ट के आपरेशनल एरिया में दो से चार संदिग्ध ड्रोन देखे गए थे. रनवे के आस पास संदिग्ध गतिविधि दिखते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी किया और सुरक्षा के मद्देनजर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट कर दिया था.
इनपुट/ ललित कुमार



