उत्तर प्रदेश के बरेली के फरीदपुर में हाईवे किनारे स्थित मुंशी ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. यहां बहस के बाद एक शख्स ने खाद व्यापारी और उसके दोस्त पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने से व्यापारी अंकित गुप्ता और उनके दोस्त प्रेम शर्मा घायल हो गए. वहीं, हाथापाई के दौरान आरोपी राजेश प्रताप सिंह के सिर में भी चोट आई. घटना के बाद ढाबे पर अफरातफरी मच गई.

घायल होने के बावजूद अंकित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की रिवॉल्वर छीन ली और खुद कार चलाकर फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बरेली के अलगअलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने व्यापारी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बीचबचाव में व्यापारी को भी लगी गोली

दरअसल फरीदपुर कस्बे के निवासी खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता रात अपने सहयोगी प्रेम शर्मा के साथ मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था. इसी दौरान रामगंगा कटरी के गांव खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह भी वहां मौजूद था. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, खाना खाने के बाद अंकित बाहर निकल गया, जबकि प्रेम शर्मा काउंटर पर रुपये देने लगा.

इसी दौरान राजेश ने प्रेम को वेटर समझ लिया और उससे कुछ कहने लगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. अंकित ने मौके पर पहुंचकर बीचबचाव करने की कोशिश की.आरोप है कि इससे नाराज होकर राजेश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ चार फायर कर दिए. फायरिंग में अंकित और प्रेम दोनों घायल हो गए. अचानक गोलियां चलने से ढाबे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

हाथ में गोलियां लगने के बाद भी नहीं हारा अंकित

फायरिंग के दौरान अंकित को दो गोलियां लगीं. इनमें एक गोली हाथ में लगी, जबकि दूसरी बांह के नीचे धंस गई. प्रेम शर्मा की हथेली में भी गोली लगी. खून बहने के बावजूद अंकित ने हिम्मत नहीं हारी. उसने आरोपी से हाथापाई कर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और उसे अपनी कार में रख लिया.

इसके बाद अंकित खुद कार चलाकर फरीदपुर सीएचसी पहुंच गया. सूचना मिलने पर पुलिस और अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे. अंकित ने आरोपी की रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी. कुछ देर बाद राजेश प्रताप सिंह भी अस्पताल पहुंचा. उसके सिर में चोट लगी थी. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बरेली रेफर कर दिया.

रिवॉल्वर से फायरिंग की रिपोर्ट दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, अंकित के पिता की तहरीर पर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ लाइसेंसी रिवॉल्वर से जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है.

सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि ढाबे पर विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई है. मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।