दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सियासत तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी लगातार दिल्ली सरकार को घेर रही है, तो वहीं कांग्रेस भी प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है. इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव लोक नायक अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदूषण से बीमार हुए मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की.

देवेंद्र यादव ने इस दौरान दिल्ली सरकार पर प्रदूषण से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. कहा कि कांग्रेस सरकार में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर किया गया था, LPG को बढ़ावा दिया गया. लेकिन मौजूदा सरकार के समय पब्लिक ट्रांसपोर्ट की हालत खराब है. बसों की कमी है, मेट्रो की रफ्तार कम हुई है. अगर पब्लिक ट्रांसपोर्ट बेहतर होता तो शायद प्रदूषण की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती.
‘सरकार ने लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया’
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मीडिया से बाचतीच में कहा, ‘दिल्ली में प्रदूषण की वजह से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, और ऐसा लगता है कि सरकार ने लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है. हमने अभी LNJP हॉस्पिटल का दौरा किया और यहां कुछ मरीज़ों से मिले. पिछले कुछ दिनों में अस्पताल में प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है.’
उन्होंने आगे कहा कि दिवाली के बाद से ही हालात बहुत खराब हैं, और उससे पहले भी प्रदूषण पर कोई रोक नहीं थी, जो लगातार बढ़ता ही जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार ने प्रदूषण कम करने की कोई कोशिश नहीं की है. नतीजतन, यहां रहने वाले लोग ऐसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं जो कई मायनों में नर्क से भी बदतर है.
‘यमुना में क्रूज को ओखला तक चलाकर दिखाएं’
देवेंद्र यादव ने इस दौरान दिल्ली मेंछठ पूजा की तैयारियों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस बार भी VIP घाट बनाए जाएंगे और वहां लोगों को बुलाया जाएगा, लेकिन दिल्ली की आम जनता को छठ के दौरान किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है, हम सबको पता है. वहीं, यमुना की सफाई को लेकर भी देवेंद्र यादव ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर दिखावे का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि सरकार सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज चलाने की बात कर रही है. मैं सरकार को चुनौती देता हूं कि क्रूज को ओखला तक चलाकर दिखाएं, इससे यमुना की सफाई की असलियत सामने आ जाएगी.
कांग्रेस नेता ने पराली के मुद्दे पर भी निशाना साधा
पराली के मुद्दे पर निशाना साधते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार जाने के बाद से लगातार पंजाब में पराली जलने और उसके धुएं के दिल्ली आने की बात कही जाती है. सरकारें बदल गईं, लेकिन प्रदूषण को लेकर बहाने वही हैं. दरअसल, पंजाब में पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूशन बढ़ने को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी की राज्य सरकारें एक दूसरे पर हमलावर है.



