Manipal Health IPO: अस्पताल चेन ‘मणिपाल हॉस्पिटल्स’ का आईपीओ कल यानी 29 जुलाई से खुल रहा है. ये 9,275 करोड़ रुपये का बड़ा आईपीओ है, जिसका बाजार में काफी समय से इंतजार किया जा रहा था. इस आईपीओ में आप कम से कम 14,750 रुपये लगाकर कंपनी के शेयर खरीद सकते हैं. आइए समझते हैं कि इस आईपीओ की खास बातें क्या हैं और क्या आपको इसमें अपना पैसा लगाना चाहिए.

14,750 रुपये से कर सकते हैं निवेश

कंपनी ने अपने एक शेयर की कीमत 560 रुपये से 590 रुपये के बीच तय की है. शेयर बाजार के नियम के मुताबिक, आम निवेशकों को कम से कम एक लॉट खरीदना होता है. इस आईपीओ के एक लॉट में 25 शेयर हैं. अगर हम सबसे ज्यादा कीमत यानी 590 रुपये के हिसाब से हिसाब लगाएं, तो आपको कम से कम 14,750 रुपये का निवेश करना होगा.

यह आईपीओ 29 जुलाई से लेकर 31 जुलाई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा. इसके बाद 3 अगस्त को अलॉटमेंट होगा, यानी उस दिन पता चलेगा कि आपको शेयर मिले या नहीं. 5 अगस्त को कंपनी के शेयर शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएंगे.

जुटाए गए पैसों का कंपनी क्या करेगी?

मणिपाल हेल्थ आज के समय में बिस्तरों की संख्या के हिसाब से भारत का सबसे बड़ा अस्पताल नेटवर्क है. मार्च 2026 तक के आंकड़ों को देखें, तो देश के 14 राज्यों में इनके 49 अस्पताल चल रहे हैं, जिनमें 13 हजार से ज्यादा बेड हैं.

इस आईपीओ के जरिए कंपनी बाजार से जो 8,000 करोड़ रुपये की नई रकम जुटाएगी, उसका इस्तेमाल वह अपने सिर से कर्ज का बोझ कम करने के लिए करेगी. इसके अलावा, इस पैसे से सह्याद्री हॉस्पिटल्स में कुछ हिस्सेदारी भी खरीदी जाएगी. कंपनी की कमाई की बात करें तो इसकी आमदनी तो तेजी से बढ़ रही है, लेकिन पिछले साल के मुकाबले कंपनी के शुद्ध मुनाफे में थोड़ी सी गिरावट आई है.

पैसा लगाएं या नहीं, क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

किसी भी आईपीओ में पैसा लगाने से पहले लोग ग्रे मार्केट का हाल जरूर देखते हैं. फिलहाल ग्रे मार्केट में मणिपाल के शेयरों को लेकर बहुत ज्यादा हलचल नहीं है. आज इसका जीएमपी सिर्फ 13.5 रुपये चल रहा है. इसका सीधा मतलब है कि अगर आज लिस्टिंग होती है, तो निवेशकों को करीब 2 फीसदी का ही हल्काफुल्का मुनाफा हो सकता है.

जानीमानी ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी के एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंपनी ने अपने शेयर की कीमत पहले से ही काफी ज्यादा रखी है. इसलिए उन्होंने इस आईपीओ को लिस्टिंग के दिन तुरंत मुनाफा कमाने की बजाय, लंबी अवधि के लिए निवेश करने की सलाह दी है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।