Featured Image

बिजनौर। उत्तर प्रदेश की बिजनौर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो हाई-टेक तरीके से शराब की दुकानों को अपना निशाना बनाता था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यह गिरोह गूगल मैप के जरिए सुनसान इलाकों में बने शराब ठेकों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में शटर काटकर नकदी समेट ले जाता था। देर रात पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें गैंग का सरगना पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

गाजियाबाद के रहने वाले हैं तीनों बदमाश
पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों शातिर अपराधी गाजियाबाद के निवासी हैं। इनकी पहचान गिरोह के सरगना आश मोहम्मद उर्फ आशु, कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान सरगना आश मोहम्मद के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन बदमाशों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और इनके खिलाफ यूपी व मध्य प्रदेश के कई जिलों में दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं।

सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग
गिरोह ने हाल ही में बिजनौर में लगातार दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। 1 नवंबर को नजीबाबाद के गुनियापुर गांव और 2 नवंबर की रात हल्दौर के बालकिशनपुर चौराहे पर स्थित दो शराब की दुकानों के शटर काटकर चोरी की गई थी। इन घटनाओं की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थीं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बदमाश जिस कार का इस्तेमाल कर रहे हैं, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि, मुखबिर से सूचना मिली थी कि, गिरोह के सदस्य किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने कुंडा गांव की नहर के पास सफेद रंग की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरगना आश मोहम्मद घायल हो गया, इसके बाद तीनों को दबोच लिया गया।

मध्य प्रदेश तक फैला था अपराध का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि, वे गाजियाबाद से कार लेकर निकलते थे और गूगल मैप की मदद से अलग-अलग जिलों में सुनसान जगहों पर स्थित शराब की दुकानों को चिह्नित करते थे। इस गिरोह ने बिजनौर के अलावा मेरठ, आगरा, बुलंदशहर, गाजियाबाद और मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भी इसी अंदाज में चोरियां की हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 30 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, शटर काटने वाला बोल्ट कटर, पेचकस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट कार बरामद की है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।