Anarock Report : रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी Anarock की नई रिपोर्ट के अनुसार देश के रियल एस्टेट बाजार में एक दिलचस्प और चिंताजनक रुझान सामने आया है. अप्रैलजून तिमाही के दौरान जहां एक ओर घरों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, दूसरी ओर घरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है. खास बात ये है कि मांग में कमी के बावजूद बिल्डर्स ने कीमतें कम नहीं की हैं.

रियल एस्टेट कंसल्टेंसी का मानना है कि ये गिरावट कई वैश्विक और घरेलू कारणों का परिणाम है. मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और IT सेक्टर में संभावित मंदी की आशंका ने खरीदारों के भरोसे को प्रभावित किया है. इसके चलते कई लोगों ने अपने घर खरीदने के फैसले को फिलहाल टाल दिया है.

देशभर में घरों की बिक्री में 6% की गिरावट
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैलजून अवधि में देश के शीर्ष 7 बड़े शहरों में कुल 90,715 घरों की बिक्री हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 96,285 यूनिट्स था, यानी इस साल घरों की बिक्री में लगभग 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.

दिल्लीNCR में कीमतों में सबसे तेज उछाल
बिक्री में गिरावट के बावजूद घरों की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है. रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे देश में औसत आवासीय कीमतों में सालदरसाल आधार पर 7 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई है. दिल्लीNCR इस मामले में सबसे आगे रहा, जहां घरों की कीमतों में 13 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. इसका मतलब है कि राजधानी क्षेत्र में घर खरीदना पहले की तुलना में काफी ज्यादा महंगा हो गया है. बढ़ती कीमतों का सीधा असर मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वालों पर पड़ रहा है.

किन शहरों में बिक्री घटी और किन में बढ़ी?
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि देश के अलगअलग शहरों में घरों की बिक्री का प्रदर्शन अलगअलग रहा. दिल्लीएनसीआर में अप्रैलजून के दौरान 13,365 घरों की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 14,255 यूनिट्स था, यानी यहां 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में भी बिक्री 8 प्रतिशत घटकर 28,710 यूनिट्स रह गई. पुणे में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई, जहां 15 प्रतिशत की कमी के साथ 13,090 घर बिके. चेन्नई में भी बिक्री 9 प्रतिशत घटकर 5,135 यूनिट्स पर आ गई.

इसके विपरीत कुछ शहरों में बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बेंगलुरु में 1 प्रतिशत की मामूली ग्रोथ के साथ 15,285 घर बिके. हैदराबाद में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कुल 11,270 यूनिट्स की बिक्री हुई. वहीं, कोलकाता में सबसे अधिक ग्रोथ देखी गई, जहां बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 3,860 यूनिट्स तक पहुंच गई.

नए घरों की लॉन्चिंग में भी बढ़ोतरी
Anarock की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैलजून तिमाही के दौरान नए घरों की लॉन्चिंग में भी ग्रोथ हुई है. इस अवधि में देश के शीर्ष 7 शहरों में लगभग 1.06 लाख नए घर लॉन्च किए गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 98,625 थी, यानी नए प्रोजेक्ट लॉन्च में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

मार्केट का रुझान
Anarock के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और IT सेक्टर पर AI के प्रभाव को लेकर बनी अनिश्चितता ने घर खरीदारों के फैसलों को प्रभावित किया है. कई लोगों ने फिलहाल अपनी खरीदारी योजनाओं को स्थगित कर दिया है. उन्होंने ये भी कहा कि फिलहाल मजबूत मांग केवल प्रीमियम घरों में, उच्च रोजगार वाले शहरों में और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर वाले इलाकों में ही देखने को मिल रही है. इससे साफ है कि रियल एस्टेट बाजार में मांग का फोकस अब धीरेधीरे प्रीमियम सेगमेंट की ओर शिफ्ट हो रहा है.