भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन युद्ध के बीच खाद्य असुरक्षा को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है. भारत ने कहा कि संघर्ष की कीमत सबको बराबर नहीं चुकानी पड़ती. भारत ने UNSC में 1943 में बंगाल में पड़े अकाल का भी जिक्र किया.

भारत ने कहा कि संघर्षों का ग्लोबल साउथ पर ज्यादा बुरा असर पड़ता है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वथनेनी ने कहा कि मौजूदा स्थिति द्वितीय विश्व युद्ध से अलग नहीं है, जब ऐसे लोग भी इसके अनचाहे शिकार बन गए थे जिनका इन संघर्षों से कोई लेनादेना नहीं था. भारत में 1943 के विनाशकारी बंगाल अकाल का दर्द और पीड़ा इस बात की एक कठोर याद दिलाती है कि युद्ध के समय की अनियंत्रित प्राथमिकताओं और गणनाओं के कारण दूर कहीं हो रहे संघर्ष की कितनी भयानक कीमत चुकानी पड़ सकती है.

भारत ने जताई चिंता

भारत ने कहा कि संघर्ष से खाद्य असुरक्षा और गहरी होती है, और ‘ग्लोबल साउथ’ को भोजन, ईंधन और उर्वरक संकट का सबसे अधिक खामियाजा भुगतना पड़ता है. UNSC का प्रस्ताव 2417 इसके लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है। परिषद को मानवीय सहायता की पहुंच, नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता को प्राथमिकता देनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि ‘ब्लैक सी’ क्षेत्र और भारत मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन का लगभग पांचवां हिस्सा पैदा करते हैं. दुनिया भर में गेहूं, मक्का और जौ के निर्यात में रूस और यूक्रेन की हिस्सेदारी लगभग एक चौथाई है.

1943 में बंगाल में पड़ा था अकाल

दरअसल 1942 में द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हुए लगभग 3 साल बीत गए थे. इस वक्त तक बंगाल में चावल की आपूर्ति पर दबाव बन गया था. साल की शुरुआत होतेहोते ही जापान ने तब के बर्मा पर हमला कर दिया था. इससे चावल का आयात अचानक बंद हो गया.

बर्मा की सीमा तब के बंगाल प्रांत से लगती थी. इसलिए मित्र देशों के लाखों सैनिक कलकत्ता में इकट्ठा होने लगे. युद्ध के कारण महंगाई पहले से चरम पर थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अचानक इतने लोगों के आने से चावल की कीमतें आसमान छूने लगीं और बंगाल की गरीब जनता की पहुंच से बाहर हो गईं.

मुनाफावसूली और चक्रवात ने बिगाड़े थे हालात

अंग्रेजों को इस बात का भी डर सता रहा कि अगर जापान ने पूर्वी भारत पर हमला कर दिया, तो उसे भोजन और परिवहन के साधन मिल जाएंगे. इसे रोकने के लिए बंगाल डेल्टा के कस्बों और गांवों से अतिरिक्त चावल और नावें जब्त कर ली गईं.

इसी बीच चावल के भंडारण के नाम पर मुनाफावसूली भी शुरू हो गई. बंगाल की स्थानीय अर्थव्यवस्था पहले से चरमराई हुई थी. इन अन्य कारकों ने हालात को और बिगाड़ दिया था. अक्टूबर आतेआते बंगाल में एक विनाशकारी चक्रवात भी आ गया, जिससे चावल की फसलें नष्ट हो गईं.

30 लाख लोगों ने गंवाई थी जान

1943 के अकाल ने पूर्वी भारत में 30 लाख से ज्यादा लोगों की जान ले ली. बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बहुत सारे लोगों ने थोड़े चावल के बदले में अपने बेटेबेटियों का सौदा कर लिया. कई महिलाओं ने अपने पतियों को छोड़कर दूसरे आदमियों का हाथ थाम लिया, क्योंकि उनके पास खाने को कुछ नहीं बचा था.

भोजन की तलाश में लूटपाट होने लगी. चावल खरीदने के लिए किसी ने अपनी जमीन बेच दी, तो कई लोग गांव छोड़कर शहर चले गए. लेकिन शहरों में भी लोग सड़कों के किनारे, कूड़ेदान के पास और फुटपाथ पर ही दम तोड़ने लगे थे.