Kashi Vishwanath Temple Fire: वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के गेट नंबर 4बी के पास आज सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई. घटना में गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन सड़क पर लगने के बाद उछली गिट्टी की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन अचानक छूटकर सड़क पर गिर गई. बताया जा रहा है कि जमीन पर गिरते ही कार्बाइन से 9 एमएम की एक गोली चल गई. गोली सड़क पर लगी, जिससे गिट्टी और छोटे पत्थर तेजी से उछलकर आसपास मौजूद लोगों को जा लगे.

तीन लोग हुए घायल

घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकाश यादव के रूप में हुई है. तीनों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया गया. राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

मंदिर परिसर में मची अफरातफरी

घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए भेजा. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना कार्बाइन के हाथ से छूटकर सड़क पर गिरने के कारण हुई. बताया जा रहा है कि पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था.

वहीं, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है और दर्शन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.