Saturday, April 4, 2026
Uncategorized

शशि थरूर की कार पर बडा हमला, सांसद के गनमैन को जमकर पीटा-मचा हडकंप!..

शशि थरूर की कार पर बडा हमला, सांसद के गनमैन को जमकर पीटा-मचा हडकंप!..

केरलम की चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर की कार पर हमला हुआ है. यह घटना मलप्पुरम जिले के वांडूर में हुई. कुछ लोगों ने शशि थरूर की कार रोक ली और उनके गनमैन के साथ मारपीट की. पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और दो लोगों को हिरासत में ले लिया है. घटना तब हुई जब शशि थरूर यूडीएफ उम्मीदवार एपी अनिल कुमार के समर्थन में प्रचार अभियान के लिए जा रहे थे. थरूर की टीम के अनुसार वे दो वाहनों में यात्रा कर रहे थे. थरूर पहली कार में सवार थे. दूसरी कार ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान विवाद शुरू हुआ. अचानक दो कारों में सवार करीब आठ लोगों ने थरूर की गाड़ी रोक दी. उन्होंने आगे बढ़ने नहीं दिया और कार के शीशे पर जोर-जोर से हाथ-पैर मारे.

जब थरूर का गनमैन सुरक्षा की वजह से गाड़ी से उतरा तो हमलावरों ने उस पर भी हमला बोल दिया. गनमैन धक्का-मुक्की और मारपीट का शिकार हो गया. थरूर की टीम ने इसे सुनियोजित हमला बताया है. उन्होंने कहा कि यह घटना चुनावी प्रचार के दौरान विपक्षी तत्वों द्वारा उत्पन्न की गई अराजकता का हिस्सा हो सकती है.पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है. वांडूर पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

दो लोग हिरासत में लिए गए
शुरुआती जांच में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. शशि थरूर ने इस घटना पर अभी तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उनके करीबी सहयोगियों ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है. उन्होंने कहा कि चुनावी रैलियों और प्रचार के दौरान ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं. केरल में विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह घटना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है.

मलप्पुरम जिले के वांडूर क्षेत्र में यूडीएफ और एलडीएफ के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है. थरूर जैसे वरिष्ठ नेताओं का प्रचार अभियान यूडीएफ के लिए महत्वपूर्ण है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कांग्रेस और यूडीएफ कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि पुलिस दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले के वीडियो और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं. थरूर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं.

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply