Himachal Se: Ghaziabad News: अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा लहराने का सपना देखने वाले 24 वर्षीय होनहार पैरा एथलीट चिराग त्यागी की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने चिराग के ही एक पुराने दोस्त और साथी पैरा खिलाड़ी यश खटीक को गिरफ्तार किया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े गए आरोपी ने कबूल किया है कि खेल से जुड़े एक पुराने विवाद और शिकायत का बदला लेने के लिए उसने चिराग को बेहद करीब से गोली मारी थी.

पूछताछ में आरोपी यश खटीक ने बताया कि वह और चिराग पुराने साथी हैं और स्कूल के दिनों में ‘ब्लाइंड कैटेगरी’ के तहत एक साथ एथलेटिक्स की प्रैक्टिस करते थे. कुछ समय पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान चिराग ने यश के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करा दी थी, जिसकी वजह से यश का क्वालिफिकेशन रद्द हो गया और वह खेल प्रतियोगिता से बाहर हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी बात से नाराज यश के सिर पर बदले का खून सवार था. उसने एक पिस्तौल का इंतजाम किया और मौका पाकर चिराग को मौत के घाट उतार दिया.
दो दिन पहले जीता था गोल्ड, जापान जाने की थी तैयारी
चिराग त्यागी गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव के रहने वाले थे. वह देश के उभरते हुए पैरा खिलाड़ियों में से एक थे. महज दो दिन पहले ही उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था. इस जीत के बाद उनका चयन इसी साल अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए हुआ था. जहां परिवार में जश्न का माहौल था, वहीं इस हादसे से पूरी दुनिया उजड़ गई.
घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे चिराग
बुधवार सुबह चिराग अपने घर से हॉस्टल जाने की बात कहकर निकले थे. काफी समय तक संपर्क न होने पर परिवार वाले परेशान थे, तभी पुलिस को साईं कुंज इलाके में दोपहर तीन बजे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे परिजनों ने चिराग के शव की पहचान की. चिराग के कजिन आशीष त्यागी ने शुरुआत में ही हत्या की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
गाजियाबाद के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी यश खटीक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल को बरामद करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में यश के साथ कोई और भी शामिल था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.


