Delhi Nightclub Murder: देश की राजधानी दिल्ली से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक नाइटक्लब में महिला पर एक युवक ने बीयर गिरा दी तो क्लब के बाउंसरों ने लाठीडंडों और बोतलों से पीटपीटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या का ये मामला राजधानी के सराय रोहिल्ला क्षेत्र के जखीरा इलाके में स्थित ‘टोर हाउस’ नाइटक्लब का है. ये घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है.

मृतक युवक की पहचान दलजीत के रूप में हुई है. मृतक 29 साल का था और पेशे से ड्राइवर था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मृतक दलजीत रघुवीर नगर का रहने वाला था. सूत्रों के अनुसार, मृतक के परिवार में उसकी पत्नी, उसका आठ साल का बेटा और पिता हैं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लब के मालिक सहित कई मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है.
वेटर्स ने भी की मारपीट
वहीं संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब गया था. उसी दौरान उससे एक महिला पर बीयर गिर गई. इस घटना के बाद बहस हो गई. आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने दलजीत के साथ मारपीट की. दलजीत और उसके दोस्तों द्वारा माफी मांगने के बावजूद हमला जारी रहा. क्लब के वेटर भी इसमें शामिल हो गए.
दलजीत को सबसे गंभीर ज्यादा चोटें आईं
क्लब के वेटर्स भी दलजीत और उसके दोस्तों को डंडों और कांच की बोतलों से मारने लगे. जब उन्होंने भागने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें खींचकर वापस अंदर डाल दिया और फिर से पीटा. दलजीत को सबसे गंभीर ज्यादा चोटें लगीं. दिलजीत के दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए, जहां वह घर के दरवाजे के पास गिर पड़ा.
इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने नाइटक्लब का CCTV डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर जब्त कर लिया है और फुटेज की जांच कर रही है.



