इमारतों में आग ने मचाई भारी तबाही, अब तक 11 की मौत और 36 लोग घायल, हादसे से दहला पूरा इलाका

थाईलैंड के मशहूर पर्यटन द्वीप फुकेट में सोमवार तड़के एक व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग आसपास की कई इमारतों तक फैल गई. हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, आग एक ऐसी इमारत से शुरू हुई, जहां से गाड़ियां रेंट पर दिए जाने का कारोबार चलता था. इसके बाद आग आसपास की कई इमारतों तक फैल गई. आग की लपटें दूर तक देखी गईं. घायलों का इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है.

जांच जारी
थाई अधिकारियों के मुताबिक ये आग सोमवार तड़के यानी सुबह 3:17 बजे लगी. दमकलकर्मियों को इस भीषण आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा. हादसे के बाद पीड़ितों को फौरन अस्पताल ले जाया गया. घायलों में थाईलैंड और म्यांमार के नागरिक हैं. पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी है.

बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
आग की यह घटना फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित मशहूर पाटोंग बीच के पास एक शहरी इलाके में हुई. फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है. सोमवार को हुए इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है. वहीं मौके पर खड़े तमाम दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. लाखों की गाड़िया आग में जमकर कबाड़ का ढेर बन गई.

बैंकॉक की बार में लगी आग की बुरी यादें ताजा
ये हादसा बैंकॉक में इसी साल जुलाई के महीने में एक बार में हुए भीषण अग्निकांड के चार महीने बाद हुआ. उस दुखद घटना में 27 लोगों की मौत हुई थी. मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल थीं. उस हादसे में करीब 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे. उस दौरान नेशनल पुलिस चीफ कित्रात पानफेत ने बताया, था कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें ज्यादातर टॉयलट में मिले थे. दरअसल आग लगने पर वे घबराकर वाशरूम की ओर भागे थे, वहां कोई रोशनी नहीं थी. अंधेरे में धम घुटने और आग के असर वो बाहर नहीं निकल पाए थे.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।