एनसीपी की नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर बयान दिया. सुप्रिया सुले ने अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बचाव करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद सार्वजनिक मंच से केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की है. इसलिए जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए.

सुप्रिया सुले ने कहा कि जब रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उस वक्त वह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं. उन्होंने अखबारों के जरिए रोहित पवार के आरोपों की जानकारी ली है.

सुले के मुताबिक, यह मामला राज्य सरकार के बजाय केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है. उन्होंने कहा कि वह रोहित पवार से भी बात करेंगी और पूरे मामले को समझने की कोशिश करेंगी.

रोहित पवार पर नितेश राणे का हमला

बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने रोहित पवार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि रोहित पवार जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, वैसी राजनीति शरद पवार ने कभी नहीं की. शरद पवार ने हमेशा साफसुथरी और अच्छी राजनीति की है.

नितेश राणे ने सवाल उठाया कि रोहित पवार को खुद जांच करना चाहिए कि क्या वह वास्तव में पवार परिवार से हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्तिगत स्तर पर और एमपीएससी के मामलों में भी रोहित पवार की मदद की थी, लेकिन वह उन एहसानों को भूल गए हैं.

शरद पवार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग

राणे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रोहित पवार इसी तरह की ओछी राजनीति करेंगे, तो बीजेपी को भी उनका वस्त्रहरण करना पड़ेगा. उन्होंने यहां तक कहा कि रोहित पवार मफलर में भी घूमने लायक नहीं रहेंगे.

नितेश राणे ने मांग की है की शरद पवार की पार्टी बताए क्या उनके पार्टी का ये आधिकारिक स्टैंड है, जो रोहित पवार आरोप लगा रहे है?

रोहित पवार ने क्या कहा था?

दरअसल रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजित पवार के साथ हुई दुर्घटना पर सवाल उठाए थे. रोहित ने कहा था, ‘हमें अभी भी दादा की दुर्घटना के पीछे का सच पता नहीं है. हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि क्या यह एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश थी? मैं इसका जवाब खोजने की पूरी कोशिश कर रहा हूं.’

रोहित पवार ने कहा था कि नौ महीने से अधिक का समय बीतने के बाद भी जांच के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है. रोहित पवार ने इस पर संदेह भी जताया था.