मध्य प्रदेश सरकार द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली को सांदीपनि लोक के रूप में विकसित करने की योजना को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं. सांदीपनि आश्रम के पास स्थित आसाराम बापू आश्रम की जमीन अधिग्रहण किए जाने की प्रक्रिया के खिलाफ आश्रम प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाया है. आश्रम के संचालक शिवा भाई ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आश्रम की जमीन लेकर वहां सांदीपनि लोक बनाया गया, तो वे कोर्ट जाएंगे, हड़ताल करेंगे और जरूरत पड़ने पर देशभर से आसाराम बापू के अनुयायी उज्जैन आकर इस कार्रवाई का विरोध करेंगे.

आसाराम बापू आश्रम के संचालक शिवा भाई का आरोप है कि उनके आश्रम को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी आश्रम की जमीन से 80 फीट चौड़ी सड़क निकालने की योजना थी, लेकिन भक्तों के विरोध के बाद प्रशासन को उस सड़क का रास्ता बदलना पड़ा था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब सांदीपनि लोक के नाम पर फिर से आश्रम की जमीन लेने की कोशिश की जा रही है.

शिवा भाई के अनुसार, आश्रम को अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है, लेकिन कुछ दिनों पहले नायब तहसीलदार शेफाली जैन ने आश्रम आकर सांदीपनि लोक के लिए जमीन लेने की बात कही थी. बैठक के दौरान ही आश्रम प्रबंधन ने साफ कर दिया था कि वे किसी भी कीमत पर यह धार्मिक स्थल नहीं देंगे. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले स्वयं आसाराम बापू भी आश्रम आए थे और उन्होंने भी जमीन देने से साफ इनकार कर दिया था.

सनातन की सरकार में भी परेशान होना पड़ रहा

आश्रम संचालक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आश्रम में हिंदू संस्कृति को जगाने का काम हो रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां शांति पाने आते हैं. उन्होंने कहा कि सनातन की सरकार होने के बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है. साथ ही, सरकार की ओर से बापू के स्वास्थ्य लाभ या इलाज के लिए कोई मदद नहीं मिल रही है. ऐसे में इस धर्मस्थल को हटाकर सांदीपनि लोक बनाना बिल्कुल उचित नहीं है और वे ऐसा कभी नहीं होने देंगे.

139 करोड़ में बनेगा सांदीपनि लोक

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सांदीपनि लोक के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है. पहले इसके लिए 15 बीघा जमीन का प्लान था, जिसे अब बढ़ाकर करीब 17 बीघा कर दिया गया है. सूत्रों का कहना है कि आश्रम प्रबंधन को धारा 4 के बाद धारा 11 का नोटिस जारी किया जा चुका है. प्रशासन चाहता है कि आपसी सहमति के तहत जमीन मिल जाए, जिससे लगभग दो महीने में ही मुआवजा दिया जा सके. सामान्य अधिग्रहण प्रक्रिया में करीब छह महीने का समय लग सकता है.

उज्जैन विकास प्राधिकरण ने लगभग 139 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सांदीपनि लोक के लिए टेंडर जारी कर दिया है. यहां 9 अलगअलग थीम जोन बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु और पर्यटक एआरवीआर और डिजिटल तकनीक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की ज्ञान यात्रा और 64 कलाओं को देख व समझ सकेंगे. जमीन उपलब्ध होते ही यूडीए निर्माण कार्य शुरू कर देगा.