पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति फिरोज गांधी के रिश्ते पर अक्सर चर्चा होती रही है. अब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में इस रिश्ते से जुड़ी कुछ अहम बातें सामने आई हैं. सोनिया गांधी की बुक में इंदिरा गांधी का एक पत्र भी शामिल किया गया है, जिसमें उन्होंने अपने पति की कमियों के बावजूद उनके प्रति अपने प्यार और भावनाओं का जिक्र किया.

किताब के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने एक दोस्त को लिखे पत्र में कहा था, ‘फिरोज में कई कमियां हैं, लेकिन हममें से ऐसा कौन है जिसमें कमियां नहीं हैं? इससे उनके लिए मेरी भावनाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ता. मैं उनकी कमियों के बावजूद उन्हें पसंद करती हूं, या शायद उनकी कमियों की वजह से ही उन्हें पसंद करती हूं.’ दरअसल, उनके इस दोस्त ने फिरोज गांधी को लेकर फैली कुछ चर्चाओं के बारे में इंदिरा को बताया था. इसके जवाब में उन्होंने ये बातें लिखी थीं.
इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी शादी के बंधन में साल 1942 में बंधे थे. इसके ठीक पांच साल बाद 1947 में देश आजाद हुआ और जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रधानमंत्री बने. सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नेहरू को सरकारी कामकाज में इंदिरा की मदद की जरूरत थी. इंदिरा ने अपने पिता की जिम्मेदारियों को संभालना शुरू कर दिया.
फिरोज गांधी का क्यों उड़ाया जाता मजाक?
सोनिया गांधी ने लिखा, ‘शुरुआत में फिरोज गांधी ने नई परिस्थितियों को समझते हुए इस व्यवस्था को स्वीकार कर लिया था, लेकिन बाद में उन्हें यह बात खटकने लगी. ऐसा तब हुआ जब इंदिरा पर अपने पिता से जुड़े दायित्व बढ़ गए और दोनों पक्षों के बीच तालमेल बिठाना मुश्किल हो गया. उस समय तक उनके दो बच्चे हो चुके थे. उनके बड़े बेटे राजीव गांधी का जन्म अगस्त 1944 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे संजय गांधी का जन्म दिसंबर 1946 में हुआ था.’
उन्होंने लिखा, ‘प्रधानमंत्री की आधिकारिक मेजबान होने के नाते इंदिरा को अपने पिता के साथ भारत और विदेशों के दौरों पर जाना पड़ता था, जबकि फिरोज अपनी नौकरी की वजह से ऐसा नहीं कर पाते थे. इंदिरा गांधी के स्टाफ की सदस्य अमी आंटी ने मुझे बताया कि औपचारिक डिनर में प्रोटोकॉल के अनुसार इंदिरा को उनके पिता के बगल में बिठाया जाता था, जबकि फिरोज को उनसे काफी दूर या एक लंबी मेज के बिल्कुल आखिरी छोर पर जगह मिलती थी. लोग इस बात पर फिरोज का मजाक उड़ाते और उन्हें चिढ़ाते थे, जिससे फिरोज को बहुत बुरा लगता था और वे अपमानित महसूस करते थे. ऐसी घटनाओं ने यकीनन धीरेधीरे फिरोज गांधी के मन में परिवार से अलगथलग होने की भावना को बढ़ाया होगा.’
‘फिरोज को दोस्तों और महिलाओं की संगत पसंद थी’
सोनिया गांधी ने लिखा, ‘1950 के दशक के मध्य में फिरोज गांधी एक अलग घर में रहने लगे थे. सांसद होने के नाते उन्हें यह घर मिला था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एक आकर्षक और जिंदादिल इंसान के रूप में जाने जाते थे, जिन्हें दोस्तों और महिलाओं की संगत पसंद थी. वह काफी मिलनसार थे और लोगों के साथ समय बिताना पसंद करते थे. शादी के कुछ साल बाद इंदिरा गांधी ने फिरोज को एक पत्र लिखा था. इसमें उन्होंने कहा था कि मुझे इस बात से कोई परेशानी नहीं है कि आप किसके साथ बाहर जाते हैं या क्या करते हैं. बस मैं चाहती हूं कि आप जो भी करें, उससे खुश रहें और मुझे उसके बारे में खुद बता दें… इससे पहले कि मुझे दूसरे लोगों से मनगढ़ंत कहानी सुनने को मिलें.’
उन्होंने लिखा, ‘इंदिरा ने उन्हें बताया था कि जब फिरोज का किसी और के साथ रिश्ता काफी गहरा हो गया, तो उन्हें इससे बहुत दुख पहुंचा. दोनों के बीच एक बार काफी झगड़ा भी हुआ. इसके बाद वे औपचारिक रूप से अलग होने के बारे में सोचने लगे थे. फिरोज ने इस मामले पर बात करने के लिए जवाहरलाल नेहरू से समय मांगा था. इंदिरा भी चाहती थीं कि फिरोज किसी ऐसे व्यक्ति से इस बारे में बात करें जिस पर उन्हें भरोसा हो. नेहरू ने फिरोज को समझाया. इसके कुछ महीने बाद फिरोज ने अलग होने की बात आगे बढ़ाने का इरादा छोड़ दिया.’
‘फिरोज के घर में कोई महिला रहती थी’
सोनिया गांधी ने लिखा, ‘राजीव गांधी को अपने पिता के साथ बिताया समय हमेशा याद रहा. वह फिरोज के घर भी जाया करते थे. राजीव ने उन्हें बताया था कि वहां कभीकभी एक महिला भी मौजूद रहती थीं, लेकिन उन्होंने कभी उस महिला का नाम नहीं बताया. शायद उन्हें नाम पता नहीं था या फिर वह उसे याद नहीं करना चाहते थे. साल 1958 में फिरोज गांधी को हार्ट अटैक आया. इंदिरा उस समय अपने पिता के साथ भूटान में थीं. फिरोज की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही वह वापस लौटीं और उनकी देखभाल करने लगीं. जब तक फिरोज ठीक नहीं हो गए, इंदिरा नर्सिंग होम में उनके साथ काफी समय बिताती रहीं. साल 1959 में जब इंदिरा की किडनी में पथरी के कारण सर्जरी हुई, तो फिरोज भी उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित थे. वह लगातार उनके साथ रहे.’
उन्होंने लिखा, ‘उनके बीच के पुराने मतभेद खत्म होने लगे थे और 1960 में पूरा परिवार एक साथ छुट्टियां मनाने कश्मीर गया, लेकिन तीन महीने बाद फिरोज को एक और दिल का दौरा पड़ा, जो जानलेवा साबित हुआ. उस समय केरल में मौजूद इंदिरा तुरंत वापस लौटीं और सीधे अस्पताल पहुंचीं. कुछ देर के लिए फिरोज को होश आया, लेकिन तभी उन्हें अचानक खांसी आने लगी. इंदिरा ने उनका सिर थोड़ा ऊपर उठाया और इसके बाद फिरोज की मौत हो गई. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 48 साल थी.’
फिरोज से अलग होने का इंदिरा को रहा अफसोस
सोनिया ने लिखा, ‘मैं अक्सर उनके जटिल रिश्ते के बारे में सोचती थीं. मेरी सास के निधन के बाद, उनके बीच हुए पत्रों को पढ़ने से मुझे यह साफ हो गया कि भले ही उनके बीच तीखी लड़ाइयां हुई हों, या वे कुछ समय के लिए एकदूसरे से दूर हो गए हों, लेकिन जो बंधन उन्हें जोड़े हुए था, वह कभी नहीं टूटा. अपनी शादी के उतारचढ़ाव के बावजूद मेरी सास ने एक बार मुझसे कहा था कि वह फ़िरोज के अलावा किसी और से शादी नहीं कर सकती थीं. वह इकलौते ऐसे इंसान थे जिनसे उन्होंने प्यार किया था.’
उन्होंने लिखा, ‘इंदिरा गांधी के निधन के बाद मुझे उनके कागजों के बीच एक अधूरा नोट मिला, जिसमें लिखा था, सोनिया, मैं तुम्हें इसलिए लिख रही हूं क्योंकि मुझे तुममें अपनी कुछ झलक दिखाई देती है. साथ ही, मेरे बेटे और तुम्हारे पति में मुझे अपने पति की कई खूबियां नजर आती हैं. मैं कहूंगी कि इंदिरा जी का अपने पति फिरोज़ के साथ सबसे गहरा और खुला रिश्ता था, यहां तक कि जब उनका वैवाहिक जीवन बिखर गया था, तब भी वह उन्हें प्यार भरे पत्र लिखती थीं. जब मैंने उन्हें बताया कि मेरी छोटी बहन अपने पति से अलग होने के बारे में सोच रही है, तो उन्होंने कहा, उसे कहो कि गुस्से या दुख की हालत में कोई फैसला न ले. मुझे फिरोज से अलग होने के अपने फैसले का हमेशा अफसोस रहा है.’



