पश्चिम बंगाल में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच तनाव की खबर सामने आ रही है. टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर आधी रात को जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हुई. दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं. खबर है कि इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं. हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थक आवास के बाहर बैनर और पोस्टर लगा रहे थे. इसी दौरान उनकी स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच ईंटपत्थर चलने लगे. आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की छड़ों और हॉकी स्टिक से भी हमला किया.
अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले का आरोप
आरोप है कि बैनर और पोस्टर लिए हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमला किया और घर के अंदर घुसने की कोशिश की. यह घर पटुआ पाड़ा इलाके में ‘अभिषेक हार्डवेयर’ के ऊपर स्थित है, जो काली की मूर्तियों की बिक्री के लिए जाना जाता है. अभिषेक बनर्जी के समर्थकों का आरोप है कि बीजेपी समर्थित कुछ स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और इसके बाद उन पर हमला कर दिया. टीएमसी समर्थकों ने यह भी दावा किया कि हमले में महिलाओं को भी निशाना बनाया गया, जिसमें कई महिलाएं घायल हुई हैं.
बीजेपी ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी अलग कहानी बताई. बीजेपी का दावा है कि उसके कार्यकर्ता कुम्हारटोली में काली की मूर्तियां खरीदने गए थे. लौटते समय रास्ते से गुजरने के दौरान अभिषेक बनर्जी के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया.
अभिषेक ने रात में किया प्रदर्शन, पुलिस तैनात
घटना के बाद पुलिस की बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया. एहतियात के तौर पर सड़क के बीच बैरिकेडिंग भी की गई. रात करीब 2:30 बजे अभिषेक बनर्जी अपने समर्थकों के साथ आवास के बाहर धरने पर बैठ गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी जारी रही. पुलिस ने अभिषेक बनर्जी से कहा है कि वो अपने घर के बाहर धरना न दें. वहीं, अभिषेक ने उनके घर पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की है.
अभिषेक बनर्जी ने कही थी घर की निगरानी की बात
इस घटना से एक दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था. उन्होंने दावा किया था कि उनके आवास की निगरानी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अगले ही दिन उनके घर के बाहर हमला हुआ। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.



