अमेरिका के मैरीलैंड में एक परिवार के घर में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब घर में अकेले मौजूद पालतू कुत्ते ने गलती से टोस्टर ऑन कर दिया. देखते ही देखते किचन में आग लग गई और पूरा घर धुएं से भर गया. इस दर्दनाक हादसे में तीन पालतू जानवरों की जान चली गई, जबकि दो कुत्तों को पड़ोसियों ने बहादुरी दिखाकर बचा लिया. पूरी घटना घर में लगे सिक्योरिटी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

घर में पालतू जानवर परिवार का हिस्सा होते हैं. लोग उन्हें बच्चों की तरह प्यार करते हैं और उनके साथ अपना हर सुखदुख बांटते हैं. लेकिन कई बार उनकी मासूम हरकतें भी बड़े हादसों की वजह बन जाती हैं. अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में सामने आई एक घटना ने पालतू जानवरों से जुड़ी इसी सच्चाई को उजागर किया है.
यह हादसा बेलकैंप इलाके के एक घर में हुआ, जहां परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था. घर के अंदर सिर्फ उनके पालतू कुत्ते और बिल्लियां मौजूद थीं. किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ मिनटों बाद घर में ऐसा हादसा हो जाएगा, जो पूरे परिवार की जिंदगी बदल देगा. बाद में जब जांच हुई, तो पता चला कि आग किसी तकनीकी खराबी से नहीं लगी थी. बल्कि घर के पालतू कुत्ते की एक अनजानी हरकत इसकी वजह बनी. पूरी घटना घर में लगे सिक्योरिटी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.
किचन में पहुंचा कुत्ता और शुरू हो गया हादसा
जांच एजेंसियों के अनुसार, परिवार का पालतू कुत्ता ‘बो’ खेलतेखेलते किचन के काउंटर पर चढ़ गया. उसने वहां रखा टोस्टर गलती से ऑन कर दिया. टोस्टर गर्म होते ही उसके आसपास रखा सामान आग पकड़ने लगा. कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और पूरे किचन को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद लपटें घर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गईं. परिवार उस समय घर में मौजूद नहीं था, इसलिए शुरुआती समय में कोई भी आग पर काबू नहीं पा सका.
कैमरे में रिकॉर्ड हुआ पूरा मंजर
घर में लगे रिंग सिक्योरिटी कैमरे की रिकॉर्डिंग बाद में जांच अधिकारियों ने देखी. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कुत्ता किचन के प्लेटफॉर्म पर चढ़ता है और कुछ ही देर बाद टोस्टर चालू हो जाता है. धीरेधीरे धुआं उठने लगता है और फिर आग फैल जाती है. यही फुटेज बाद में आग लगने की असली वजह साबित हुई. अधिकारियों ने साफ किया कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी और इसमें किसी तरह की जानबूझकर की गई लापरवाही सामने नहीं आई.
पड़ोसियों ने बचाईं दो जानें
जब आसपास रहने वाले लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देर किए मदद शुरू कर दी. पड़ोसियों ने बहादुरी दिखाते हुए दो कुत्तों ‘बो’ और ‘एडी’ को घर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि तीसरे कुत्ते ‘डकोटा’ और परिवार की दो बिल्लियों को नहीं बचाया जा सका. आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि वे अंदर ही फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई.
20 मिनट की मशक्कत के बाद बुझी आग
सूचना मिलने के बाद करीब 30 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने लगभग 20 मिनट की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया. हालांकि तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था. अधिकारियों के मुताबिक, मकान को करीब 1.5 लाख डॉलर का नुकसान हुआ, जबकि घर के अंदर रखा सामान भी लगभग 50 हजार डॉलर की कीमत का नष्ट हो गया. परिवार के लिए सबसे बड़ा नुकसान उनके तीन पालतू साथियों को खोना रहा.
पालतू जानवरों की वजह से हर साल लगती हैं सैकड़ों आग
फायर सेफ्टी एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे मामले जितने अजीब लगते हैं, उतने दुर्लभ नहीं हैं. नेशनल फायर प्रोटेक्शन एसोसिएशन के अनुसार, अमेरिका में हर साल करीब 1,000 घरों में पालतू जानवरों की वजह से आग लग जाती है. कई बार कुत्ते या बिल्लियां गैस स्टोव, टोस्टर या दूसरे कुकिंग उपकरण गलती से चालू कर देते हैं. कुछ मामलों में मोमबत्तियां गिर जाती हैं या बिजली के तारों को नुकसान पहुंच जाता है. हर साल करीब पांच लाख पालतू जानवर किसी न किसी रूप में घर में लगी आग से प्रभावित होते हैं.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
यह पहली बार नहीं है जब किसी पालतू जानवर की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ हो. साल 2024 में अमेरिका के कोलोराडो में भी एक कुत्ते ने गलती से गैस स्टोव ऑन कर दिया था. उस समय घर में रखे सामान ने आग पकड़ ली थी. हालांकि उस मामले में स्मार्ट होम डिवाइस ने समय रहते अलर्ट भेज दिया था, जिसकी वजह से परिवार और उनके पालतू जानवर सुरक्षित बच गए थे.



