Mumbai Crime News: मुंबई के मलाड इलाके में अमन सोनी की संदिग्ध मौत के मामले ने पुलिस की जांच बढ़ा दी है. अमन की मौत के बाद परिवार ने उसके साथ मौजूद चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि चारों युवक अमन को घर से जबरन अपने साथ ले गए थे. इसके बाद उसे कुरार विलेज के शारदाबाई गोविंद पवार सार्वजनिक गार्डन में ले जाया गया, जहां उसे ड्रग्स के इंजेक्शन लगाए गए और शराब पिलाई गई. परिवार का आरोप है कि नशे का ओवरडोज देने के कारण अमन की मौत हुई है.

हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. कुरार पुलिस ने इस मामले में ADR यानी आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने अमन के साथ उस दिन मौजूद चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है.
गार्डन में 5 युवकों के नशा करने का वीडियो वायरल
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में पांच युवक एक सार्वजनिक गार्डन में बैठे नजर आ रहे हैं. दावा है कि इनमें अमन और उसके चार दोस्त शामिल हैं. वीडियो में युवक ड्रग्स का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में एक युवक दूसरे युवक को इंजेक्शन लगाता नजर आ रहा है. वहीं, एक अन्य युवक को बोतल से शराब पिलाई जा रही है. परिवार का दावा है कि शराब पिलाया जा रहा युवक अमन सोनी है. वीडियो में उसकी हालत खराब दिखाई दे रही है. वह चिल्लाता और बेहोशी की हालत में नजर आता है. पुलिस अब इस वीडियो की भी जांच कर रही है.
अमन को जबरन घर से ले गए थे दोस्त
अमन के परिवार ने उसके साथ मौजूद चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि अमन पहले नशे का आदी था, लेकिन उसने नशा छोड़ दिया था. परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन चार युवक अमन को उसके घर से अपने साथ ले गए और उसे गार्डन में लेकर पहुंचे. परिवार का आरोप है कि वहां अमन को जबरन ड्रग्स के इंजेक्शन लगाए गए और शराब पिलाई गई. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई.
परिवार का दावा है कि अमन को नशे का ओवरडोज दिया गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई. अमन के परिजनों ने इस घटना को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है. परिवार की ओर से घटना से जुड़ा बताया जा रहा वीडियो भी पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है.
पुलिस ने 4 युवकों को हिरासत में लिया
मामले की जानकारी मिलने के बाद कुरार पुलिस ने ADR दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने उन चार युवकों को हिरासत में लिया है, जो घटना के समय अमन के साथ मौजूद बताए जा रहे हैं. उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि अमन और उसके साथ मौजूद चारों युवक एकदूसरे को पहले से जानते थे. अमन के पहले से नशा करने की बात भी जांच में सामने आई है.
हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना वाले दिन गार्डन में वास्तव में क्या हुआ था और अमन की तबीयत किस वजह से बिगड़ी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अमन को गार्डन कौन लेकर गया था, वहां कितने लोग मौजूद थे और नशे की सामग्री उन्हें कहां से मिली?
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की 5 गाड़ियां
घटना की जांच के लिए पुलिस की टीम शारदाबाई गोविंद पवार सार्वजनिक गार्डन पहुंची. पुलिस की करीब पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने मौके का पंचनामा किया और जांच से जुड़े जरूरी विजुअल भी लिए. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच कर रही है. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अमन और उसके दोस्तों के गार्डन पहुंचने से लेकर उसके वहां से अस्पताल ले जाने तक क्याक्या हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP भी जांच में शामिल हैं. इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स विंग भी मामले की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
कुरार पुलिस के DCP गजानन राजमाने ने बताया कि कुरार थाना क्षेत्र में 20 साल के युवक की मौत हुई है. अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हुई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. DCP के मुताबिक, घटनास्थल पर मृतक के दोस्तों को बुलाकर उनसे पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा. रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ड्रग कहां से आया, सप्लायर कौन?
इस मामले में पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों के पास ड्रग्स कहां से आया था. उन्होंने नशे की सामग्री किससे खरीदी थी और क्या कोई ड्रग सप्लायर उन्हें ड्रग्स उपलब्ध करा रहा था? पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चारों युवक कब से नशा कर रहे थे और घटना वाले दिन उन्होंने किस तरह के ड्रग्स का इस्तेमाल किया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अगर जांच में किसी ड्रग सप्लायर की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.



