Himachal Se: आजकल सिर्फ फिटनेस एक्सपर्ट ही नहीं, बल्कि कई बॉलीवुड सितारे भी जल्दी डिनर करने की आदत को अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा बताते हैं। अभिनेता अक्षय कुमार कई बार खुलासा कर चुके हैं कि वह शाम करीब 6:30 बजे तक अपना डिनर कर लेते हैं, जबकि करीना कपूर खान ने भी बताया है कि वह अक्सर शाम 6 बजे तक खाना खा लेती हैं। वहीं अनुष्का शर्मा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह कई बार शाम 5:30 से 6 बजे के बीच डिनर कर लेती हैं।

अब इस सूची में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह का नाम भी जुड़ गया है। बेटे आर्यमन सेठी के यूट्यूब ब्लॉग में पता चला कि अर्चना शाम 5 बजे ही खाना खाना चाहती हैं। यह सुनकर कई लोगों के मन में सवाल उठा कि क्या इतना जल्दी डिनर करना सच में सेहत के लिए फायदेमंद है? क्या इससे पाचन बेहतर होता है, वजन नियंत्रित रहता है और नींद पर भी अच्छा असर पड़ता है? आइए जानते हैं इस बारे में एक्सपर्ट क्या कहते हैं।
शाम 5 बजे डिनर करने से शरीर पर क्या असर पड़ता है?
इस बारे में दि इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में केआईएमएस अस्पताल, ठाणे की मुख्य आहार विशेषज्ञ डाइटिशियन अमरीन शेख का कहना है कि कई लोगों के लिए जल्दी डिनर करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
उन्होंने बताया कि जल्दी खाना खाने से शरीर को सोने से पहले भोजन पचाने के लिए ठीकठाक समय मिल जाता है। ऐसा होने से पाचन बेहतर हो सकता है। एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं कम हो सकती हैं। साथ ही नींद की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है।
अमरीन शेख बताती हैं कि जल्दी डिनर करने से भूख का पैटर्न भी कंट्रोल हो सकता है। साथ ही देर रात बारबार कुछ खाने की आदत कम हो सकती है। यही वजह है कि यह आदत वजन बढ़ने और खराब मेटाबॉलिक स्वास्थ्य के जोखिम को भी कम करने में मदद कर सकती है।
क्या शाम 5 बजे डिनर करना बहुत जल्दी माना जाएगा?
इस सवाल पर अमरीन शेख का जवाब है, “जरूरी नहीं।” उन्होंने बताया कि डिनर का सही समय हर व्यक्ति की जीवनशैली, काम के घंटे, सोनेजागने की आदत और भूख पर निर्भर करता है। अगर कोई व्यक्ति जल्दी सोता है और शाम 5 बजे खाना खाने के बाद सहज महसूस करता है, तो इसमें कोई परेशानी नहीं है।
वहीं अगर डिनर और सोने के समय के बीच बहुत लंबा समय हो जाता है, तो कुछ लोगों को बाद में दोबारा भूख लग सकती है। ऐसी स्थिति में वे जंक फूड या कुछ भी उल्टासीधा खा सकते हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इससे बचने के लिए शाम को बाद में कोई हल्का और संतुलित स्नैक लिया जा सकता है।
क्या जल्दी डिनर करने से वजन कम हो सकता है?
अमरीन शेख ने बताया जल्दी डिनर करना वजन कंट्रोल करने में मदद करसकता है, लेकिन इसे वजन घटाने का जादुई उपाय नहीं माना जा सकता।
वह कहती हैं कि जल्दी डिनर करने से देर रात बिना जरूरत के खाने की आदत कम हो सकती है और कुल कैलोरी सेवन को कंट्रोल रखने में मदद मिलती है। हालांकि इसका पूरा फायदा तभी मिलता है जब इसे संतुलित आहार, रोजाना शारीरिक गतिविधि और अच्छी नींद जैसी स्वस्थ आदतों के साथ अपनाया जाए।
किन लोगों को बहुत जल्दी डिनर करने से बचना चाहिए?
डाइटिशियन अमरीन शेख के मुताबिक, जिन लोगों का काम देर रात तक चलता है, जो देर शाम या रात में वर्कआउट करते हैं, या जिन्हें मधुमेह जैसी कोई स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें खाने के समय में बड़ा बदलाव करने से पहले किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए।
वह बताती हैं कि खाने के बीच बहुत लंबा अंतराल हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होता। इसलिए किसी सेलिब्रिटी की दिनचर्या को आंख बंद करके अपनाने के बजाय अपनी जरूरत और जीवनशैली के अनुसार फैसला लेना ज्यादा समझदारी है।
डिनर से जुड़ी जरूरी बातें
विशेषज्ञों की सलाह है कि रात के खाने और सोने के समय के बीच कम से कम 2 से 3 घंटे का अंतर जरूर होना चाहिए। इसके अलावा डिनर में बहुत ज्यादा तलाभुना, भारी या मीठा भोजन लेने के बजाय ऐसा संतुलित आहार चुनें जिसमें पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट मौजूद हों। इस तरह न सिर्फ पाचन बेहतर रहता है, बल्कि शरीर को भी भोजन का सही लाभ मिल पाता है।
अस्वीकरण: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों के साथ चर्चा पर आधारित है। कोई भी दिनचर्या शुरू करने से पहले हमेशा अपने स्वास्थ्य चिकित्सक से परामर्श लें।



