Featured Image

Bahraich Leopard Attack: बहराइच l यूपी के कई जिलों में इन दिनों तेंदुए ने लोगों की नींद उड़ा रखी है. लोग दिन में भी घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं. शाम होते ही दहशत और बढ़ जाती है, क्योंकि किसी को नहीं पता कि तेंदुआ कब और कहां से आ जाए. इसी बीच बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां तेंदुए ने 7 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर उसकी जान ले ली.

7 साल के बच्चे को तेंदुए ने मार डाला

घटना कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत मंझरा गांव की है. सोमवार शाम करीब 7:30 बजे हादसा हुआ है. मृतक की पहचान 7 साल के बच्चे रोहित के रूप में हुई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गन्ने के खेत में शौच के दौरान तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गयी.

शौच के लिए गया था खेत

जानकारी के मुताबिक़, रोहित सोमवार शाम शौच के लिए घर के पास के खेत की तरफ गया हुआ था. उसे क्या पता था उसके साथ कुछ खौफनाक होने वाला है. इसी बीच तेंदुआ गन्ने के खेत से निकलकर आया और उस पर हमला कर दिया. तेंदुआ बच्चे की गर्दन दबोचकर उसे खींचने का प्रयास करने लगा.

बच्चा चीखने चिल्लाने लगा. चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर शोर मचाते हुए पहुंचे. जिसे देखकर तेंदुआ गन्ने के खेत में भाग गया. लेकिन तब तक रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था. बच्चे को अस्पताल ले जाया जाने लगा लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी.

सात महीने में 10 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही मुर्तिहा कोतवाली पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की गयी. अधिकारियों का कहना है पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. दुसरी तरफ घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीण परेशान है. बताया जा रहा है सात महीने में 10 लोगों की जान जा चुकी है. स्थानीय लोगो ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है. वन विभाग की टीम भी तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी और तलाशी अभियान चला रही है.