
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान में एक बड़े हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य नेता मारे गए हैं। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर जोर देकर कहा कि ईरान के कई शीर्ष कमांडरों को खत्म कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो क्लिप भी शेयर की है, जिसमें भारी धमाकों और विमानों की आवाज सुनी जा सकती है। राष्ट्रपति ने इस हमले के समय के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी।
ट्रंप ने यह भी नहीं बताया कि ईरान के मिलिट्री लीडर्स से उनका इशारा किन लोगों की तरफ था। ट्रंप ने हमले की जानकारी ऐसे समय में दी है जब ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमले का 10 दिनों का अल्टीमेटम खत्म होने वाला है। ट्रंप ने शनिवार को ही कहा था कि अब सिर्फ 48 घंटे बचे हैं और अगर चेतावनी दी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को न खोला गया तो अमेरिका की तरफ से ईरान पर कहर टूटेगा।
ईरान के लिए बड़ा झटका
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ईरान के कई सैन्य नेता, जिन्होंने उनका नेतृत्व बेहद खराब और नासमझी से किया था, तेहरान में हुए इस जबरदस्त हमले के साथ ही खत्म कर दिए गए हैं। हालांकि, वाइट हाउस ने अभी तक खत्म किए गए सैन्य नेताओं की कोई सूची जारी नहीं की है। अगर ट्रंप का दावा सही है कि ईरानी सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है, जो 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद ईरानी शासन के लिए यह दूसरा बड़ा झटका होगा।
पहले ही दिन मारे गए थे सुप्रीम लीडर
इसके पहले 28 फरवरी को हमले के पहले ही दिन अमेरिका और इजरायल ने ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को मार दिया था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अली खामेनेई को तेहरान स्थित उनके दफ्तर में निशाना बनाया गया था। खामेनेई के साथ ही पहले ही दिन ईरान के रक्षा मंत्री और शीर्ष सैन्य कमांडर भी मारे गए थे।
तेहरान पर हमले का ट्रंप का ताजा दावा ऐसे समय में आया है, जब अमेरिकी सेना एक लापता F-15 पायलट को खोजने के लिए ऑपरेशन चला रही है। शुक्रवार को ईरानी बलों ने दो अमेरिकी लड़ाकू विमान मार गिराए थे। लगभग छह हफ्तों से चल रहे युद्ध में यह पहली बार था, जब अमेरिकी लड़ाकू विमान ईरानी क्षेत्र में मार गिराए गए।




