Former MP Brijbhushan Singh: कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आया है। जानकारी के मुताबिक भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा कॉल राजस्थान के अलवर से आया था। जिसके बाद विधायक प्रतिनिधि की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अगर बच सकते हैं, तो बच लें..
विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने कोतवाली नगर पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाया है। जिसके मुताबिक 14 जून 2026 को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात फोन कॉल आया था। बातचीत के दौरान अज्ञात कॉलर ने धमकी भरे लहजे में कहा कि वह विधायक और उनके पिता की हत्या का इंतजाम कर चुका है..अगर बच सकते हैं, तो बच लें। धमकी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
अलवर जिले का निकला अज्ञात कॉलर
पुलिस की छानबीन में पता चला कि संबंधित मोबाइल नंबर राजस्थान के अलवर जिले का है। जो संदीप शर्मा नाम का व्यक्ति प्रयोग करता है। आरोपी संदीप शर्मा का मकसद क्या है? उसने ऐसी धमकी क्यों दी? अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल कोतवाली नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
तहरीर के मुताबिक विधायक और उनका परिवार पहले भी आपराधिक तत्वों के निशाने पर रह चुका है। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को दी गई यह धमकी उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है। मामले में के सहयोग से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
प्रभारी निरीक्षक का बयान
कोतवाली नगर के विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को राजस्थान भेजा गया है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।



