अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने भारत में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करते हुए हैदराबाद की हाईटेक सिटी में स्थित माधापुर इलाके में अपना 5वां एक्सपीरियंस सेंटर शुरू कर दिया है. यह नया सेंटर ग्राहकों को टेस्ला की नई इलेक्ट्रिक कारों को करीब से देखने और समझने का मौका देगा.

कंपनी ने बताया कि 17 जून से ग्राहक यहां नई 2026 Model Y Premium RearWheel Drive और Model Y L को देख सकेंगे. इस सेंटर में आने वाले लोगों को कंपनी के एडवाइजर की मदद से कारों के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी. ग्राहक कारों के डिजाइन, इलेक्ट्रिक तकनीक, सेफ्टी फीचर्स और परफॉर्मेंस के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल कर सकेंगे.

Tesla Model Y

नई Tesla Model Y Premium RearWheel Drive एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV है. इसमें 2,138 लीटर तक का स्टोरेज स्पेस मिलता है और इसमें 5 लोग आराम से बैठ सकते हैं. इसके पावरफोल्डिंग सीट्स इसे और ज्यादा सुविधाजनक बनाते हैं. यह SUV सिर्फ 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. कंपनी के अनुसार इसकी ड्राइविंग रेंज 500 किलोमीटर तक है.

इस मॉडल की शुरुआती कीमत 50.89 लाख रुपये रखी गई है. ग्राहक इसे 6 लाख रुपये की डाउन पेमेंट देकर खरीद सकते हैं. इसकी EMI लगभग 39,990 रुपये से शुरू होगी. कंपनी जुलाई 2026 से इसकी डिलीवरी शुरू करने की तैयारी कर रही है.

Tesla Model Y L

हैदराबाद सेंटर में Tesla Model Y L भी डिस्प्ले होगी. यह एक ऑलव्हीलड्राइव फैमिली SUV है, जिसे खास तौर पर बड़े परिवारों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसमें तीन रो और छह सीटों का लेआउट दिया गया है. इसके अलावा यात्रियों को ज्यादा हेडरूम और लेगरूम भी मिलता है.

Model Y L की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज है. यह एक बार चार्ज होने पर 681 किलोमीटर तक चल सकती है. यह SUV केवल 5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल कर सकती है. इसके साथ 2,539 लीटर तक का कार्गो स्पेस भी मिलता है.

इस मॉडल की शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपये है. इसे खरीदने के लिए 6.5 लाख रुपये की डाउन पेमेंट देनी होगी, जबकि इसकी EMI 49,990 रुपये प्रति माह से शुरू होगी.

टेस्ला का यह नया कदम भारतीय बाजार में कंपनी के बढ़ते रुझान को दिखाता है. इससे हैदराबाद और आसपास के ग्राहकों को टेस्ला की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कारों का अनुभव लेने का बेहतर अवसर मिलेगा.