जिस युवती को पुलिस पहले अपने पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में संदिग्ध मान रही थी, जांच में वही खुद पीड़िता निकली. राजस्थान के झालावाड़ में हत्या की साजिश से शुरू हुई जांच ने मानव तस्करी और जबरन बाल विवाह की ऐसी कहानी उजागर की, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोप है कि युवती के पिता और मामा ने महज 17 साल की उम्र में 4 लाख रुपये लेकर उसकी शादी कराई थी. इस शादी से निकलने की कोशिश में युवती को बारबार उसी व्यक्ति के पास लौटना पड़ा, जिसके साथ वह नहीं रहना चाहती थी.

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को एक गोपनीय शिकायत मिली थी. इसमें बताया गया कि एक युवती सोशल मीडिया के जरिए अपने पति की हत्या करवाने के लिए संपर्क कर रही है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू की. हालांकि, जांच आगे बढ़ी तो कहानी ने नया मोड़ ले लिया. जिस युवती को शुरुआत में हत्या की साजिश के मामले में आरोपी माना जा रहा था, वह खुद कथित तौर पर मानव तस्करी और जबरन बाल विवाह की पीड़िता निकली.

4 लाख रुपये में नाबालिग का सौदा, फिर जबरन शादी

एसपी अमित कुमार के मुताबिक, जांच में सामने आया कि 15 जून 2025 को जब युवती की उम्र महज 17 साल थी, तब उसके पिता और मामा ने कथित तौर पर 4 लाख रुपये लेकर उसकी शादी उससे लगभग दोगुनी उम्र के व्यक्ति से करवा दी. युवती इस शादी से खुश नहीं थी. शादी के बाद उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. फिर 5 जुलाई 2025 वह वहां से भाग गई.

19 जुलाई 2025 को परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया. 26 जुलाई 2025 को पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की. 27 जुलाई 2025 को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के आदेश पर उसे बालिका आश्रय गृह भेजा गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बाद में उसे नारी शाला भेज दिया गया, जहां वह बालिग होने तक रही. पुलिस के मुताबिक, बालिग होने के बाद जब युवती बाहर आई तो परिजनों ने उसे कथित तौर पर फिर उसी व्यक्ति के पास भेज दिया, जिसके साथ वह नहीं रहना चाहती थी.

स्टांप पर लिखवाई गईं शर्तें, फिर उसी व्यक्ति के पास भेजा

5 अगस्त 2026 को स्टांप पेपर पर लड़की से राजीनामा कराया गया और विभिन्न शर्तों के साथ उसे फिर कथित पति के सुपुर्द कर दिया गया. इन शर्तों में युवती की आवाजाही और फोन रखने जैसी सामान्य स्वतंत्रताओं पर पाबंदी लगाने की बात सामने आई. यहां तक कि दोबारा घर छोड़ने पर उसके पिता को 4 लाख रुपये देने की शर्त भी लिखवाई गई थी.

पुलिस के अनुसार, इसी घटनाक्रम के बाद युवती ने सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से संपर्क किया और पति की हत्या करवाने की बात कही. युवक ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई और युवती के बयान दर्ज किए गए. एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.