Delhi Yamuna Cruise: देश की राजधानी दिल्ली में लोग 4 नवंबर यानी बुधवार से क्रूज की यात्रा का आनंद सकते हैं. नमो यमुना क्रूज सफारी सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग छह किलोमीटर के जलमार्ग पर शुरू होगी. क्रूज का ट्रायल पूरा हो चुका है. इस क्रूज में एक बार में करीब 40 लोग सफर कर सकेंगे. दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल ने सोमवार को कहा कि क्रूज सेवा बुधवार से शुरू हो सकती है.

कपिल मिश्रा ने कहा कि क्रूज का ट्रायल पूरा हो चुका है. इसलिए यमुना सफारी शुरू की जाएगी. मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को पहली बार यमुना में क्रूज की सवारी का रोमांच मिलेगा. यमुना सफारी केवल क्रूज तक सीमित नहीं रहेगी. इसके आसपास परिवारों के लिए पिकनिक स्थल विकसित किए जाएंगे.
35 से 45 मिनट में क्रूज का सफर
यहां रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. ये क्रूज सेवा दिल्ली में पर्यटन की नई संभावनाओं के दरवाजे भी खोलेगी. इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. अधिकारियों के अनुसार, क्रूज का 6 किलोमीटर का सफर 35 से 45 मिनट में पूरा होगा.
कौन सा है नजदीकी मेट्रो स्टेशन और कैसे होगी बुकिग?
क्रूज की एक पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है. यात्रियों के लिए तैयार की गई व्यवस्था के अंतर्गत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये लगेगा. इस क्रूज पर जाने के लिए सबसे पास का मेट्रो स्टेशन नानकसर सोनिया विहार मेट्रो स्टेशन है. मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्री क्रूज पर जाने के लिए मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं.
क्रूज पर जाने के लिए जगतपुर वजीराबाद मेट्रो स्टेशन पर भी उतरा जा सकता है. क्रूज पर यात्रा के लिए टिकट दिल्ली पर्यटन विभान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक किया जा सकता है.



