Hyundai 2026 में भारत में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी कर रही है. कंपनी नई जनरेशन Creta पर काम कर रही है, वहीं कई नए मॉडल भी पाइपलाइन में हैं. Hyundai का प्लान 2030 तक भारत में करीब 26 नए मॉडल लॉन्च करने का है. इनमें से दो नई SUV इसी साल बाजार में आ सकती हैं. इनमें एक पेट्रोल इंजन वाली SUV होगी, जबकि दूसरी इलेक्ट्रिक SUV होगी. चलिए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं.

Hyundai BC4i SUV

कंपनी की भारत के लिए तैयार की जा रही एक खास SUV है, जो ग्लोबल मार्केट में मिलने वाली Bayon से जुड़ी होगी. इस SUV को कई बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है. पहले माना जा रहा था कि BC4i एक छोटी SUV होगी, लेकिन अब साफ है कि यह 4 मीटर से बड़ी मिडसाइज SUV होगी. इसे Hyundai Venue और आने वाली नई Creta के बीच जगह दी जाएगी.

डिजाइन की बात करें तो भारत में आने वाली BC4i ग्लोबल Bayon से अलग ज्यादा SUV जैसी दिख सकती है. इसमें सीधी और मजबूत बॉडी, कनेक्टेड LED लाइट बार, LED DRLs, स्टाइलिश अलॉय व्हील्स और स्लिम LED टेललैंप जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.

Hyundai BC4i फीचर्स, इंजन

फीचर्स के मामले में भी इसे काफी प्रीमियम रखने की तैयारी में है. इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, प्रीमियम साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जर, लेदरेट सीट्स, 6 एयरबैग्स और Level2 ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.

इंजन की बात करें तो लॉन्च के समय इसमें डीजल या हाइब्रिड इंजन मिलने की संभावना कम है। इसमें Creta वाला 1.5लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है. इसके अलावा कंपनी इसमें फैक्ट्री फिटेड CNG किट भी दे सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह 4 मीटर से बड़ी Hyundai की पहली CNG SUV बन जाएगी। BC4i को इस साल सितंबर तक लॉन्च किया जा सकता है.

Hyundai HE1i इलेक्ट्रिक SUV

Hyundai की दूसरी बड़ी लॉन्च इस साल एक नई इलेक्ट्रिक SUV हो सकती है, जिसे फिलहाल HE1i नाम से जाना जा रहा है. यह कंपनी की भारत के लिए खास तौर पर तैयार की गई पहली लोकलाइज्ड इलेक्ट्रिक SUV होगी.इस इलेक्ट्रिक SUV को भी भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. इसका डिजाइन Hyundai Exter और ग्लोबल Casper जैसा बॉक्सी और मजबूत दिख सकता है. यह 4 मीटर से छोटी SUV होगी और इसका मुकाबला Tata Punch.ev, Tata Nexon.ev, Mahindra XUV 3XO EV और Kia Syros EV जैसी कारों से होगा.

Hyundai HE1i इलेक्ट्रिक SUV बैटरी

HE1i को Hyundai के नए EGMP प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा. इसमें दो बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है, जिनमें 42 kWh और 49 kWh बैटरी शामिल हो सकती हैं. दोनों वर्जन एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 400 किलोमीटर तक की रेंज दे सकते हैं.

Hyundai HE1i इलेक्ट्रिक SUV फीचर्स

फीचर्स की बात करें तो इसमें बड़ा इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ, Level2 ADAS और कई सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। Hyundai इस इलेक्ट्रिक SUV को इस साल के आखिर तक लॉन्च कर सकती है.