Mumbai News: मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल2 के पास, मरोल स्थित CTS नंबर 1405 के नजदीक बने मस्जिद के ढांचे को अवैध घोषित कर दिया है. एमएमआरडीए ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को इस अवैध निर्माण को तत्काल हटाने का निर्देश जारी किया है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो एयरपोर्ट अथॉरिटी के खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं.

MMRDA के अनुसार, मरोल के सीटीएस नंबर 1405 के पास किए गए इस निर्माण के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और विकास योजना में यहां सार्वजनिक पूजा स्थल के लिए कोई प्रावधान नहीं है. मामले में मेसर्स अशबुल जन्ना एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत ढांचे को संरक्षण देने के लिए ये दस्तावेज पर्याप्त नहीं पाए गए.
गेट पर चिपकाया गया नोटिस फाड़ा गया, BJP नेता उठाते रहे हैं मुद्दा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को MMRDA की ओर से इस अवैध मस्जिद के गेट पर आधिकारिक नोटिस चिपकाया गया था, जिसे अब अज्ञात लोगों द्वारा फाड़ दिया गया है. गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल2 के समीप बने इस अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं और एमएमआरडीए से इस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की थी. अब एमएमआरडीए के सख्त रुख के बाद MIAL की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.



