Himachal Se: कानपुर: यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाली खबर है। कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक होजरी व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। व्यापारी का शव घर से महज 20 मीटर दूर स्थित एक धर्मशाला की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान विजय कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। परिजनों ने इलाके के एक रेस्टोरेंट संचालक के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।

यूपी: कानपुर में छत पर शराब पिलाने के बहाने खेला गया खूनी खेल! होजरी व्यापारी की हत्या, दोस्त पर लगे आरोप​
यूपी: कानपुर में छत पर शराब पिलाने के बहाने खेला गया खूनी खेल! होजरी व्यापारी की हत्या, दोस्त पर लगे आरोप​

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात आरोपी युवक विजय कुमार को स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। कुछ देर बाद धर्मशाला की पहली मंजिल में किराए पर रहने वाली एक महिला ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनी। महिला जब सीढ़ियों की ओर पहुंची तो वहां विजय कुमार गंभीर हालत में पड़े थे और उनके शरीर से खून बह रहा था। इसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल व्यापारी को तत्काल उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस के साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर विपिन टाडा, एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी युवक विजय कुमार के साथ धर्मशाला की ओर जाता हुआ दिखाई दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी व्यापारी को धर्मशाला की छत पर लेकर गया था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के दौरान विजय कुमार की मौत हो गई।

मृतक के पिता ने सीधे तौर पर रेस्टोरेंट संचालक के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना पर ज्वाइंट कमिश्नर विपिन ताडा का बयान सामने आया है।