Featured Image

MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक किसान की किस्मत चमक उठी है. पटी क्षेत्र की एक खदान में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है. बाजार में इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बद्री पटेल और उनके साथियों ने करीब 15 से 20 दिन पहले ही इस खदान में हीरा तलाशने का काम शुरू किया था. कम समय में ही कीमती हीरा मिलने से सभी के चेहरे पर खुशी छा गई.

हीरा मिलने के बाद बद्री पटेल ने कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि भगवान की कृपा से एक दिन उन्हें हीरा जरूर मिलेगा. उन्होंने हीरा कार्यालय पहुंचकर हीरे को नियमानुसार जमा करा दिया है. अब इसकी नीलामी होगी. नीलामी से मिलने वाली रकम को सभी साझेदार आपस में बांटेंगे और अपनी-अपनी जरूरतों व सपनों को पूरा करेंगे.

किसी के घर का सपना तो किसी के बच्चों की शादी

हीरा मिलने के बाद किसान परिवारों में जश्न का माहौल है. बद्री पटेल ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वह अपना नया घर बनवाएंगे. वहीं उनके साथी रतन सिंह यादव, भीखम प्रसाद पटेल और रामचंद्र दुबे इस रकम का इस्तेमाल अपने बच्चों की शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में करेंगे.

जांच के बाद नीलामी में रखा जाएगा हीरा

हीरा पार्क की अनुपम सिंह ने बताया कि हीरे को नियमों के अनुसार जांच के बाद कार्यालय में जमा कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा.

पन्ना में समय-समय पर खदानों से मिलने वाले हीरे स्थानीय लोगों के लिए उम्मीद और खुशियों की वजह बनते रहे हैं. इस बार 4.70 कैरेट के हीरे ने बद्री पटेल और उनके साथियों की किस्मत बदलने की उम्मीद जगा दी है.