WhatsApp New Feature: मेटा के स्वामित्व वाली कंपनी वॉट्सऐप में कुछ नए फीचर जोड़े गए हैं, जिसने एक नई चिंता खड़ी कर दी है. हाल में ही कंपनी की ओर से एक नया फीचर रोलआउट किया गया है, जिसमें अब बिना फोन नंबर के ही आप किसी से कॉन्टैक्ट कर सकते हैं. इसके लिए कंपनी ने यूजर्स से यूजरनेम चुनने की अपील की थी.

यह फीचर लॉन्च होने से पहले ही भारत सरकार की जांच के दायरे में आ गया. सरकार ने माना कि यह नया फीचर सुरक्षा के साथ खिलवाड़ साबित हो सकता है. अब केंद्र सरकार की ओर से मेटा को नोटिस जारी किया गया है. सरकार ने Meta से यूजरनेम फीचर के बारे में 3 दिनों के अंदर विस्तृत जानकारी देने को कहा है.

यूजरनेम फीचर नहीं होगा लॉन्च!
केंद्र सरकार ने अपने नोटिस में कहा कि जब तक इस मामले पर बातचीत पूरी नहीं हो जाती, तब तक यूजरनेम फीचर को लॉन्च न किया जाए. सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से नोटिस में कहा गया है कि पहले मेटा यूजरनेम फीचर के मामले में पूरी जानकारी दे, इसके बाद ही भारत में इसको रोलआउट करे.

बता दें कि इससे पहले वॉट्सऐप की ओर से जानकारी दी गई थी कि इस साल के अंत से यूजर्स बिना मोबाइल नंबर के ही लोगों से चैट कर पाएंगे और कॉलिंग फीचर का भी इस्तेमाल कर पाएंगे. यानी व्हाट्एप पर किसी से बातचीत करने आपको किसी से नंबर एक्सचेंज नहीं करना होगा, केवल एक यूजरनेम के जरिए यह संभव हो सकेगा. जानकार मान रहे हैं कि वॉट्सऐप का यह नया फीचर सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक साबित हो सकता है.

नोटिस में सरकार ने क्या पूछा
मेटा को जारी नोटिस में सरकार की ओर से पूछा गया कि WhatsApp के उस फ़ीचर को लेकर IT एक्ट और नियमों के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए, जिससे साइबर अपराध बढ़ सकते हैं. इसके अलावा सरकार की ओर से पूछा गया कि WhatsApp का यूज़रनेम फीचर ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट स्कैम और किसी और का रूप धरकर किए जाने वाले हमलों के मामलों को बढ़ा सकता है.

29 जून को वॉट्सऐप ने दी यूजरनेम फीचर वाली जानकारी
बता दें कि 29 जून को यूजरनेम वाले फीचर के बारे में वॉट्सऐप की ओर से एक्स पर जानकारी साझा की गई थी. एक्स पोस्ट में व्हास्टएप ने लिखा कि आपका फोन नंबर आपकी निजी जानकारी है और कभीकभी आप अपना नंबर दिए बिना ही दूसरों से जुड़ना चाहते हैं. इसीलिए हम WhatsApp के लिए यूजरनेम का फीचर ला रहे हैं.

कंपनी की ओर से कहा गया कि यूजर्स इसी हफ्ते से अपना यूजरनेम रिजर्व कर सकते हैं, जिसका इस्तेमाल इस साल के आखिरी में लॉन्च होने वाले फीचर के तौर पर किया जा सकेगा. इसके बाद इस पोस्ट में वॉट्सऐप ने ये बताया था कि कैसे आप यूजरनेम ले सकते हैं.

सरकार के नोटिस पर WhatsApp का आया जवाब
यूजरनेम मामले पर सरकार की ओर से जारी नोटिस पर वॉट्सऐप के एक प्रवक्त ने कहा कि हमने लोगों के लिए WhatsApp पर अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व करने का ऑप्शन अनाउंस किया है. यूजरनेम इस्तेमाल करने की सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है और इसे इस साल के आखिर में धीरेधीरे रोल आउट किया जाएगा. किसी और का रूप धरने से बचाने के लिए, हमने सबसे ज्यादा मशहूर लोगों के नाम वेरिफाइड Meta अकाउंट रिजर्व करके रखे हैं, ताकि उन्हें सिर्फ़ उनके असली मालिक ही क्लेम कर सकें; साथ ही, मशहूर नामों से मिलतेजुलते नामों को भी रिज़र्व किया गया है.

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए यूज़र्स को अभी भी फोन नंबर की जरूरत होगी और हमने यूज़रनेम के साथ स्कैम से बचाने के लिए कई लेयर वाली सुरक्षा बनाई है: दूसरे यूजर्स को आपको मैसेज करने के लिए सही यूज़रनेम पता होना चाहिए, हम यह लिमिट करेंगे कि कोई अकाउंट कितने नए लोगों से कॉन्टैक्ट कर सकता है, किसी के यूजरनेम का अंदाजा लगाने की बारबार की कोशिशों को ब्लॉक करेंगे और ऐसे सिस्टम रखेंगे जो आम तौर पर होने वाले इंपर्सनेशन और गलत इस्तेमाल के पैटर्न का पता लगाकर उन्हें रोक सकें.