
Mahabharat Vidur Previous Birth: महाभारत की लड़ाई धर्म और न्याय के लिए लड़ी गई थी. कुरुक्षेत्र की धरती पर हुए इस महायुद्ध में सिर्फ अस्त्र-शस्त्र ही नहीं चले, बल्कि रिश्तों, वचनों और धर्म की भी कठिन परीक्षा हुई. इस दौरान राजा-महाराजाओं से लेकर संत-महात्माओं ने अपने ज्ञान और धर्म का परिचय दिया. महात्मा विदुर इनमें से एक थे. महाभारत में महात्मा विदुर का नाम आते ही एक ऐसे ज्ञानी और नीतिज्ञ की छवि सामने आती है, जो राजमहल में रहते हुए भी हमेशा धर्म और सत्य के पक्ष में खड़े रहे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। धृतराष्ट्र और पांडु के भाई होने के बावजूद विदुर को राजसिंहासन का अधिकार नहीं मिला. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, उनके जन्म के पीछे एक ऋषि के श्राप की ऐसी कहानी जुड़ी है, जिसका संबंध स्वयं यमराज से बताया जाता है? महाभारत की कथा में विदुर कोई साधारण मनुष्य नहीं, बल्कि धर्मदेव के ही अंश माने गए हैं. पढ़िए महात्मा विदुर से जुड़ी रोचक कहानी-
ऋषि मांडव्य को क्यों मिला इतना कठोर दंड?
कथा के अनुसार, ऋषि मांडव्य अपने आश्रम में तपस्या में लीन थे. इसी दौरान कुछ चोर चोरी का सामान लेकर उनके आश्रम के पास आ पहुंचे. पीछा करते हुए राजा के सैनिक भी वहां पहुंच गए. मांडव्य ऋषि ध्यान में इतने लीन थे कि उन्होंने सैनिकों के सवालों का कोई उत्तर नहीं दिया. सैनिकों ने उन्हें भी चोरों के साथ पकड़ लिया. राजा के आदेश पर ऋषि को भी अपराधियों के साथ शूल पर चढ़ा दिया गया. हालांकि कठोर यातना के बाद भी ऋषि जीवित रहे. बाद में राजा को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्हें शूल से उतार लिया गया. इस घटना से ऋषि बेहद दुखी हुए और उन्होंने धर्मदेव से इसका कारण पूछा.
यमराज ने बताया बचपन के उस कर्म का राज
जब मांडव्य ऋषि ने धर्मदेव से पूछा कि आखिर उन्हें इतना कठोर दंड क्यों मिला, तो धर्मदेव ने उनके बचपन के एक कर्म का उल्लेख किया. कथा के अनुसार, बाल्यावस्था में मांडव्य ने एक छोटे जीव को घास की नोक से छेद दिया था. धर्मदेव ने इसी कर्म को उनके दंड का कारण बताया. लेकिन, ऋषि मांडव्य इस तर्क से संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने माना कि, बचपन में अनजाने में किए गए ऐसे कर्म के लिए इतना कठोर दंड उचित नहीं था. इसी प्रसंग में उन्होंने धर्मदेव को श्राप दिया कि उन्हें पृथ्वी पर मनुष्य के रूप में जन्म लेना पड़ेगा. महाभारत के आदि पर्व में इसी श्राप को विदुर के जन्म से जोड़ा गया है.
यमराज बने विदुर, लेकिन जन्म मिला दासी के घर
ऋषि मांडव्य के श्राप के कारण धर्मदेव को मनुष्य रूप में जन्म लेना पड़ा. इसी बीच हस्तिनापुर के राजवंश में विचित्रवीर्य की मृत्यु के बाद उनके वंश को आगे बढ़ाने के लिए व्यास से नियोग की परंपरा के अनुसार संतान प्राप्त करने की व्यवस्था हुई. अंबिका और अंबालिका से क्रमशः धृतराष्ट्र और पांडु का जन्म हुआ. बाद में एक दासी ने व्यास की सेवा और सम्मानपूर्वक उनका स्वागत किया. उसी से विदुर का जन्म हुआ. महाभारत के आदि पर्व में विदुर को धृतराष्ट्र और पांडु का भाई तथा धर्मदेव के पृथ्वी पर जन्मे रूप के तौर पर दिखाया गया गया है.
राजकुमार होकर भी क्यों नहीं बने राजा?
विदुर बुद्धि, नीति और धर्म के मामले में अत्यंत प्रखर थे. लेकिन, उनकी माता राजपरिवार की रानी नहीं, बल्कि दासी थीं. इसलिए उन्हें धृतराष्ट्र और पांडु जैसा राजकीय उत्तराधिकार नहीं मिला. इसके बावजूद हस्तिनापुर के राजदरबार में उनकी सलाह को विशेष महत्व प्राप्त था. महाभारत में विदुर को धर्म, नीति और शासन की गहरी समझ रखने वाला बताया गया है. उन्होंने कई अवसरों पर धृतराष्ट्र को अन्याय से बचने और सही निर्णय लेने की सलाह दी, लेकिन उनकी बात हमेशा नहीं मानी गई.
महाभारत का सबसे बड़ा संदेश क्या है?
विदुर की कथा केवल उनके पूर्वजन्म और श्राप की कहानी नहीं है. यह बताती है कि किसी व्यक्ति का मूल्य केवल उसके जन्म या सामाजिक स्थिति से तय नहीं होता है. राजसत्ता उनके हाथ में नहीं थी, लेकिन उनकी बुद्धि और नीति की प्रतिष्ठा पूरे कुरुवंश में थी. इसी कारण महाभारत में विदुर का चरित्र एक ऐसे व्यक्ति के रूप में सामने आता है, जिसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद धर्म और विवेक का साथ नहीं छोड़ा. उनके नाम से जुड़ी विदुर नीति आज भी महाभारत की नीति-परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है.



