Featured Image

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रामभांठा स्थित खाली प्लाॅट में मिले शव की गुत्थी को पुलिस सुलझा लिया है। मृतक की पहचान 16 वर्षीय बालक के रूप में की गई। दोस्त ने ही मिलकर नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज इस पूरे मामले का खुलासा किया।

आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला लव ट्रायंगल है-आरोपी शिवम बानी का स्थानीय लड़की से एक तरफा प्यार करता था, जबकि लकड़ी का मृतक के साथ कथित रूप से मिलना जुलना था। इस लव ट्रायंगल से उपजे विवाद के बाद आरोपियों ने पहले किशोर बालक से विवाद किया और पुराना बस डिपो के पास ले जाकर पत्थर से सिर पर कई वार कर किशोर की हत्या की गई थी। घटना के बाद आरोपियों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और वैज्ञानिक पद्धति से विवेचना करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले का विवरण

15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस अधिकारी, कोतवाली पुलिस टीम एवं फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता जो मूलत: लैलूंगा के ग्राम घटगांव के निवासी है पिछले 4 साल से रामभांठा में रहते हैं। शव की पहचान 16 वर्षीय किशोर बालक के रूप में की गई।

परिजनों ने बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे उनका लड़का चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह पुराने बस डिपो के पास शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया।

ऐसे हुआ हत्या का खुलासा

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए युवकों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पूछताछ में मृतक का बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ व 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ बीती रात को विवाद की जानकारी सामने आई। दोनों को तत्काल पुलिस ने हिरासत में लिया, पहले तो संदेही घटना से इंकार किये फिर दोनों को वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया और घटना का पूरा विवरण बताया।

पत्थर से वार कर हत्या

आरोपियों के अनुसार, 14 सितंबर को वे रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां किशोर बालक उनके परिचित लड़की के साथ था। वही लड़की जिससे आरोपी शिवम बानी का एक तरफा लगाव था, उसी लड़की के साथ जब उसने किशोर बालक को देखा तो उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया और बदमाश प्रवृति के शिवम बरेठ ने किशोर बालक का मोबाइल अपने पास रखकर 1,000 रुपये देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। इसके बाद दोनों किशोर बालक को उसके मोबाइल के साथ लेकर पुराने बस डिपो की ओर चले गए । पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने किशोर बालक को लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात कहकर डराया धमकाया और फिर उसके साथ विवाद कर दोनों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गए।

शिवम बरेठ आदतन बदमाश

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी शिवम बरेठ से मृतक का मोबाइल और आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े जब्त किए। आरोपी शिवम बरेठ आदतन बदमाश प्रवृति का है, जिसके खिलाफ मारपीट के और भी अपराध पूर्व में थाना कोतवाली में दर्ज हैं । दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिकंस्ट्रक्शन कराया गया तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जा रहा है।

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर, आरक्षक कमलेश यादव, हरेन्द्र जगत, जितेन्द्र दुबे, सत्या यादव, कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

1. शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।

2. शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।