आजकल भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल, लंबे समय तक बैठे रहकर काम करना और शारीरिक एक्टिविटी की कमी कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रही है. ऐसे में नियमित एक्सरसाइज को स्वस्थ लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा माना जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि रोजमर्रा की दिनचर्या में थोड़ीसी शारीरिक एक्टिविटी भी शरीर को एक्टिव रखने में मदद कर सकती है. हालांकि यह सवाल अक्सर लोगों के मन में रहता है कि अच्छी सेहत बनाए रखने के लिए आखिर कितनी देर एक्सरसाइज करना जरूरी है.

इसी को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ और कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं नियमित शारीरिक के लिए कुछ मानक सुझाव देती हैं. इन्हीं में से एक है 150 मिनट तक मध्यम तेजी वाली शारीरिक एक्टिविटी करने की सलाह. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे 150 मिनट एक ही दिन या एक साथ व्यायाम करना जरूरी है. इसे पूरे हफ्ते में अपनी सुविधा के अनुसार बांटा जा सकता है. आइए जानते हैं कि 150 मिनट की एक्सरसाइज से दिल और दिमाग पर क्या असर पड़ सकता है, इसमें कौन कौन सी एक्टिविटी शामिल की जा सकती हैं और एक्सरसाइज करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
150 मिनट की एक्सरसाइज से दिल और दिमाग को कैसे मिलते हैं फायदे?
के अनुसार, नियमित शारीरिक एक्टिविटी दिल और दिमाग दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में जरूरी भूमिका निभाती है. हफ्ते में लगभग 150 मिनट तक मध्यम तेजी वाली एक्सरसाइज करने से हार्ट अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकता है और शरीर में ब्लड फ्लो बेहतर बना रहता है. इससे शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचने में मदद मिलती है.
नियमित एक्सरसाइज मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी मानी जाती है. यह तनाव कम करने, मूड बेहतर रखने और दिमाग की कामकाज को बनाए रखने में सहायक हो सकता है. इसके अलावा एक्टिव लाइफस्टाइल लंबे समय तक शारीरिक क्षमता बनाए रखने में भी मदद करती है. हालांकि हर व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और शारीरिक क्षमता अलग होती है, इसलिए व्यायाम की शुरुआत अपनी क्षमता के अनुसार करनी चाहिए. अगर पहले से कोई गंभीर बीमारी है, तो एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहता है.
हफ्ते में 150 मिनट की एक्सरसाइज में कौनकौन सी गतिविधियां शामिल की जा सकती हैं?
150 मिनट की मध्यम तेजी वाली शारीरिक एक्टिविटी को पूरे हफ्ते में अलगअलग दिनों में बांटा जा सकता है. इसमें तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना, तैराकी, हल्की जॉगिंग, डांस करना, सीढ़ियां चढ़ना, बागवानी या घर के कुछ एक्टिव काम भी शामिल किए जा सकते हैं.
आमतौर पर इसे सप्ताह में पांच दिन, रोज करीब 30 मिनट करके पूरा किया जा सकता है. अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार अलगअलग एक्टिविटी को भी इसमें शामिल किया जा सकता है.
एक्सरसाइज करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
एक्सरसाइज शुरू करने से पहले हल्का वार्मअप करें और अंत में शरीर को आराम देने के लिए कूलडाउन भी करें. शुरुआत धीरेधीरे करें और अपनी क्षमता के अनुसार समय व तेजी बढ़ाएं.
एक्सरसाइज के दौरान पर्याप्त पानी पिएं और आरामदायक कपड़े व जूते पहनें. अगर व्यायाम करते समय सीने में दर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी या असामान्य थकान महसूस हो, तो तुरंत रुकें और डॉक्टर से संपर्क करें. पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोग डॉक्टर की सलाह के बाद ही नया व्यायाम शुरू करें.



