Afghanistan Airstrike Pakistan: अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक का बदला एयरस्ट्राइक से लिया है. आधी रात को अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में बड़े सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया है. अफगानिस्तान की वायुसेना ने अब पाकिस्तान के भीतर घुसकर की एयरस्ट्राइक है. पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में अफगान फाइटर जेट्स ने बमगोले बरसाए हैं. तालिबानी सरकार ने पाकिस्तान में फाइटर जेट्स और ड्रोन से बमगोलों की बरसात कर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया है.

अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि बलूचिस्तान के पिशिन जिला स्थित सरनान इलाके में आईएसआईएस के ज्वाइंटर सेंटर को इस एयरस्ट्राइक के दौरान तबाह कर दिया गया है. इतना ही नहीं, अफगान फाइटर जेट्स् ने पाकिस्तान में चित्राल की शाह सलीम घाटी और खैबर पख्तूनख्वा के कंबर खेल में भी दाएश के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की है. इस भीषण हमले में आतंकी ठिकानों को बड़ा नुकसान हुआ है.
अफगानी एयरस्ट्राइक में क्या हुआ
अफगान सरकार का कहना है कि इस एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान में नागरिकों पर धमाकों की साजिश रचने वाले आतंकी अड्डों को जमींदोज किया गया है. अफगान सरकार के एक्शन से पाकिस्तान में आतंकियों ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है. इतना ही नहीं, अफगानिस्तान सरकार ने पाकिस्तान को और हमलों की चेतावनी दी है. अफगान रक्षा मंत्रालय ने ऐलान किया है कि सुरक्षा को खतरा पैदा करने वाले हर ठिकाने को चुनचुनकर निशाना बनाएंगे.
अफगानिस्तान ने बताया क्या हुआ नुकसान
अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान में एयरस्ट्राइक के दौरान जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के अंदर नागरिकों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई और हमलों की योजना बनाने के लिए किया जा रहा था. मंत्रालय ने आगे कहा कि ये हमले बहुत सटीकता से किए गए, जिससे समूह को भारी जानमाल का नुकसान हुआ, जबकि किसी भी नागरिक की जान नहीं गई.
पाक की कार्रवाई का बदला
अफगानी रक्षा मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि अफगानिस्तान की सुरक्षा को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किसी भी जगह को निशाना बनाया जाएगा. गौरतलब है कि अफगानिस्तान का यह एक्शन पाकिस्तान के उस हमले का जवाब है, जो बीते दिनों की गई थी. बीते दिनों पाकिस्तान ने अफगान सीमा के पास चलाए गए एक जमीनी अभियान और उसके बाद सीमा पार से किए हवाई हमलों में कम से कम 35 अफगान लोगों को मार दिया था.
पाकअफ़गान युद्ध पर रूस का बड़ा बयान
वहीं, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी युद्ध पर रूस ने भी बयान जारी किया है. मॉस्को ने दोनों देशों से तुरंत युद्ध रोकने की अपील की है. रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के सैन्य टकराव से आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. क्रेमलिन ने नसीहत दी कि पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान बंदूक छोड़ कूटनीतिक रास्तों से विवाद सुलझाएं. रूसी मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच जारी सैन्य तनाव पर चिंता जताई और कहा कि इस संघर्ष का सबसे ज़्यादा असर आम नागरिकों पर पड़ा है.



