
पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया.
Agra News: आगरा से एक किन्नर की ऐसी आपबीती सामने आई है, जिसने प्रेम, धोखे और शोषण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली सूरज वर्मा उर्फ आयशा ने अपने प्रेमी त्रिवेंद्र सिंह पर आरोप लगाया है कि उसने शादी का झांसा देकर पहले नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में जबरन लिंग परिवर्तन कराने के लिए दबाव बनाया. पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उससे 4 लाख रुपए और बुलेट मोटरसाइकिल ले ली. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
2 साल पहले हुई थी त्रिवेंद्र से मुलाकात
पीड़िता के मुताबिक, करीब 2 साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा थाना क्षेत्र के लखनऊपुर निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उसे अपनी पत्नी बनाकर रखने और शादी करने का भरोसा दिलाया. पीड़िता का कहना है कि इसी भरोसे में वह त्रिवेंद्र के साथ अलग-अलग जगहों पर जाती रही. आरोप है कि त्रिवेंद्र उसे कई बार होटलों में लेकर गया और वहां उसके साथ संबंध बनाए.
ये भी पढ़ें- देवरिया पुलिस की करतूत पर HC सख्त, SP ने मांगी माफी; SHO को सैलरी से भरना होगा जुर्माना
शादी के लिए ऑपरेशन का बनाया दबाव
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 8 दिसंबर 2025 की रात त्रिवेंद्र उसे एक होटल में ले गया. वहां उसने पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बनने के लिए लिंग परिवर्तन ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया. पीड़िता के मुताबिक, त्रिवेंद्र ने कहा कि जब तक वह सर्जरी कराकर स्त्री किन्नर नहीं बनेंगी, तब तक वह उससे शादी नहीं करेगा. शादी का भरोसा मिलने के बाद पीड़िता दबाव में आ गई और उसने अपना लिंग परिवर्तन ऑपरेशन करा लिया.
ऑपरेशन के बाद आर्थिक नुकसान का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसे शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा. इसी दौरान त्रिवेंद्र ने पति-पत्नी की तरह साथ रहते हुए उससे 4 लाख रुपए और एक बुलेट मोटरसाइकिल ले ली. पीड़िता का यह भी आरोप है कि वह बधाई मांगकर जो पैसे कमाती थी, त्रिवेंद्र उन पैसों को भी उससे ले लेता था. इस तरह धीरे-धीरे उसकी आर्थिक स्थिति खराब होती चली गई.
पहले से शादीशुदा होने का पता चला
पीड़िता के मुताबिक, कुछ समय बाद उसे पता चला कि त्रिवेंद्र सिंह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी का नाम किरण है. यह जानकारी मिलने के बाद उसने त्रिवेंद्र से अपने पैसे और बुलेट मोटरसाइकिल वापस मांगी. आरोप है कि इसके बाद त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी किरण ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. पीड़िता का दावा है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी.
आगरा छोड़ बाराबंकी पहुंची पीड़िता
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद उसे असहाय स्थिति में छोड़ दिया गया. लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर वह आगरा छोड़कर बाराबंकी के हैदरगढ़ पहुंच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां वह अपनी गुरु चांदनी किन्नर के पास रहने लगी और उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर आगरा को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उसने 4 लाख रुपए और बुलेट मोटरसाइकिल वापस दिलाने व अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्रिवेंद्र सिंह और किरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आएगी.



