दुनियाभर में सबसे ज्‍यादा नींबू की पैदावार भारत में होती है. साल 2023 की बात करें तो भारत में 3.79 मिलियन टन नींबू की पैदावार हुई. दूसरे नम्‍बर पर मेक्‍स‍िको और तीसरे पर चीन है. भारत के कुछ चुनिंदा राज्‍य हैं जो देश को सबसे ज्‍यादा नींबू देते हैं. जानिए, देश को सबसे ज्‍यादा नींबू देने वाला राज्‍य कौन सा.

सबसे ज्‍यादा नींबू देने वाला राज्‍य…आंध्र प्रदेश देश को सबसे ज्‍यादा नींबू देने वाला राज्‍य है. आंध प्रदेश के अलावा देश कुछ राज्‍यों में नींबू की बड़े स्‍तर पर खेती की जाती है. इनमें गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना शामिल हैं.

आंध्र प्रदेश सबसे आगे कैसे… आंध्र प्रदेश खासकर कागजी नींबू और सतगुड्डी किस्म का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है. देश में जितना भी नींबू पैदा होता है उसमें से 20 फीसदी अकेले इसी राज्‍य में होता है. इसके पीछे कई भौगोलिक और कृषि संबंधी वजहें हैं. नींबू की खेती हल्की, अच्छी जलनिकासी वाली दोमट या बलुई मिट्टी में सबसे अच्छी होती है. आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों, खासकर कृष्णा, गुंटूर, नेल्लोर और चित्तूर जैसे जिलों में यह मिट्टी बड़े पैमाने पर पाई जाती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।

यह भी बड़ी वजह… कृष्णा और गोदावरी नदियों के डेल्टा क्षेत्र से मिलने वाला पानी नींबू की बागवानी के लिए लगातार सिंचाई के लिए अमृत साबित होता है जो फल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बढ़ाने में मदद करता है. आंध्र प्रदेश में उगाई जाने वाली “सतगुड्डी” किस्म खासतौर पर व्यावसायिक खेती के लिए मशहूर है. यह ज्यादा उपज देने वाली और बाजार में मांग वाली किस्म है.

जलवायु का असर… नींबू की खेती के लिए गर्म और उष्णकटिबंधीय मौसम सबसे उपयुक्त माना जाता है. नींबू का पौधा सर्दी और गर्मी दोनों सहन कर सकता है. आंध्र प्रदेश की जलवायु इसके लिए बेहद अनुकूल है. यहां साल भर पर्याप्त गर्मी और धूप मिलती है, जो इसकी पैदावार के लिए बेहतर है.