
Mainpuri : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक महिला के खाते में अचानक करोड़ों रुपये आने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में महिला के करोड़पति बनने से हड़कंप मच गया है। महिला का बैंक अकाउंट बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में है, और जब उसने अपने ATM पर बैलेंस चेक किया, तो वह हैरान रह गई। उसके खाते में करीब 10 करोड़ रुपये जमा हो गए थे, जिसकी जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य भी स्तब्ध रह गए।
यह आश्चर्यजनक घटना उस समय हुई जब महिला अपने बेटे अरुण कुमार के साथ ATM पर गई थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अरुण ने बताया कि वह PIN बनाने और बैलेंस चेक करने के लिए ATM गए थे। तभी स्क्रीन पर लिखा आया कि खाते में बहुत ज्यादा रकम है। अरुण ने कहा, “मैंने बैलेंस चेक किया जो बहुत ज्यादा था, लगभग 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 586 रुपये। हमें समझ नहीं आ रहा है कि यह पैसा किसका है और यह हमारे खाते में कैसे आ गया।” परिवार ने तुरंत ही बैंक से संपर्क करने का फैसला लिया है।
महिला सीता का कहना है कि उन्हें इस ट्रांजैक्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि यह पैसा कैसे आया। यदि यह किसी का है, तो उसे वापस लेना चाहिए।” वहीं, महिला के पति ने भी कहा कि उनका परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है और इस पैसे का उनके पास कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा, “जब बैंक खुलेगा, तो हम जाकर पैसे वापस कर देंगे।”
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि महिला ATM पर बैलेंस चेक कर रही है और स्क्रीन पर करोड़ों रुपये का बैलेंस दिखाई दे रहा है। इससे लोग इस तकनीकी गड़बड़ी और बैंकिंग सिस्टम की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज ब्रांच के अधिकारियों ने इस घटना को तकनीकी गलती बताया है। ब्रांच के मैनेजर ने कहा कि यह समस्या संभवत: बैंक की सिस्टम में आई किसी गड़बड़ी की वजह से हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला का पहले से एक लोन अकाउंट था, और यदि वह बैंक से संपर्क कर लेती तो समस्या आसानी से हल हो सकती थी।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे इस गड़बड़ी की जांच कर रहे हैं और उचित वेरिफिकेशन के बाद ही इसे ठीक किया जाएगा। यह मामला बैंकिंग व्यवस्था की सटीकता और सुरक्षा को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, परिवार की ओर से कहा गया है कि वे बैंक खुलते ही इस पूरे मामले को लेकर कार्रवाई करेंगे और आवश्यक कदम उठाएंगे।



