Prayagraj Today Weather Upadate: प्रयागराज में आसमान मानो आग उगल रहा है। मानसून की दस्तक में हो रही देरी और लगातार बढ़ते तापमान ने संगम नगरी को तपते तवे में बदल दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर में घर से बाहर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। तेज धूप और उमस के बीच प्रयागराज देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार हो रहा है।

संगम पहुंचने वाले श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। प्रशासन ने कुछ चौराहों पर हरी पट्टी और छांव की व्यवस्था तो की है, लेकिन संगम क्षेत्र में राहत के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिख रहे हैं।
सूरज की तपिश ने बढ़ाई उमस और गर्मी
सूरज की तपिश और उमस ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं, जबकि जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर पर गमछा, छाता और पानी की बोतल लेकर चलने को मजबूर हैं। संगम क्षेत्र में दर्शन और स्नान के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु भी धूप से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आ रहे हैं। गर्म हवाओं के बीच खुले आसमान के नीचे खड़े रहना मुश्किल हो गया है।
संगम क्षेत्र में शेड और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं
संगम किनारे प्रसाद, फूलमाला और बेचने वाले दुकानदार भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि रोजीरोटी की मजबूरी में उन्हें तेज धूप में भी दुकान लगानी पड़ रही है। वहीं पर्यटकों का कहना है कि संगम क्षेत्र में पीने के ठंडे पानी, शेड और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है।
मानसून की सक्रियता में देरी के कारण तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। जब तक अच्छी बारिश नहीं होती, तब तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में चिकित्सक भी लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
फिलहाल प्रयागराज के लोग बारिश की पहली फुहार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हर किसी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं, ताकि मानसून आए और से राहत मिल सके।



