
How Much Cholesterol Is Too Much: कोलेस्ट्रॉल का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में एक ही सवाल आता है कि आखिर, कितना कोलेस्ट्रॉल ज्यादा माना जाता है? दरअसल, शरीर के लिए कोलेस्ट्रॉल जरूरी है, लेकिन जब इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ने लगती है तो यही दिल की सेहत के लिए परेशानी बन सकता है. खास बात यह है कि हाई कोलेस्ट्रॉल अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर में बढ़ता रहता है. ऐसे में नियमित जांच बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है. कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वनीता अरोड़ा के अनुसार, केवल टोटल कोलेस्ट्रॉल देखकर हार्ट हेल्थ का अंदाजा लगाना सही नहीं है. लिपिड प्रोफाइल में LDL, HDL और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को भी समझना जरूरी है.
कितना कोलेस्ट्रॉल माना जाता है सामान्य?
एक सामान्य गाइडलाइन के तौर पर टोटल कोलेस्ट्रॉल 200 mg/dL से कम होना बेहतर माना जाता है. वहीं LDL यानी बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर 100 mg/dL से कम रखना आमतौर पर बेहतर माना जाता है. हालांकि, हर व्यक्ति का LDL लक्ष्य एक जैसा नहीं होता. जिन लोगों को पहले से हार्ट डिजीज है या जिन्हें डायबिटीज, स्ट्रोक अथवा हृदय संबंधी बीमारी का ज्यादा जोखिम है, उनके लिए डॉक्टर LDL का लक्ष्य इससे भी कम रख सकते हैं.
वहीं HDL यानी गुड कोलेस्ट्रॉल पुरुषों में 40 mg/dL या उससे अधिक और महिलाओं में 50 mg/dL या उससे अधिक होना बेहतर माना जाता है. ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर 150 mg/dL से कम रहना सामान्य सीमा में माना जाता है.
LDL बढ़ने से क्यों बढ़ता है खतरा?
LDL को आमतौर पर बैड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है. इसका स्तर लंबे समय तक ज्यादा रहने पर धमनियों की दीवारों में प्लाक जमा होने की प्रक्रिया बढ़ सकती है. इससे धमनियां संकरी हो सकती हैं और ब्लड फ्लो प्रभावित हो सकता है. समय के साथ यह स्थिति हृदय रोग, हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकती है. यही वजह है कि सिर्फ टोटल कोलेस्ट्रॉल नहीं, बल्कि पूरी लिपिड प्रोफाइल को समझना जरूरी है.
हाई कोलेस्ट्रॉल की सबसे बड़ी परेशानी
हाई कोलेस्ट्रॉल को अक्सर साइलेंट रिस्क फैक्टर कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती दौर में इसके कोई खास लक्षण दिखाई नहीं देते. व्यक्ति बिल्कुल सामान्य महसूस कर सकता है, जबकि शरीर के अंदर धमनियों में बदलाव शुरू हो चुके हों. डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, स्मोकिंग, कम शारीरिक गतिविधि और परिवार में हार्ट डिजीज का इतिहास होने पर जोखिम बढ़ सकता है.
दिल को बचाने के लिए क्या करें?
कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी है. खाने में फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, ओट्स और स्वस्थ वसा शामिल करें. वहीं तली-भुनी चीजें, ट्रांस फैट और अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड का सेवन सीमित करें.
ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।


