Jhansi News: उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 27 वर्षीय विवाहिता शिवानी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के एक कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला. घटना के बाद शिवानी का पति यश ठाकुर फरार बताया जा रहा है. मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पति की तलाश की जा रही है.

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे शिवानी और उसके पति यश ठाकुर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी अक्सर झगड़े होते रहते थे. परिजनों का आरोप है कि यश शिवानी के साथ मारपीट भी करता था. इसी वजह से शिवानी पिछले करीब दो से तीन महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी.

पति पर हत्या का आरोप

परिवार के अनुसार, रविवार देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और अन्य सामान मांगा. सामान लेने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया. इसके बाद सुबह करीब 5 बजे मुस्कान बाथरूम जाने के लिए उठी और दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद मिला. परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया.

सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा. उसने कमरे की बाहर लगी कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली. परिजनों ने उसे आवाज देकर जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद आननफानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज

बताया गया कि शिवानी और यश की मुलाकात करीब डेढ़ से दो साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी. दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद दोनों ने लव मैरिज कर ली. हालांकि शादी के करीब डेढ़ साल के भीतर ही दोनों के रिश्ते में तनाव और विवाद की बात सामने आने लगी. दोनों की कोई संतान नहीं थी.

घटना के बाद पति यश ठाकुर के फरार होने से मामला और संदिग्ध हो गया है. परिजनों ने यश पर शिवानी की हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. महिला की मौत हत्या के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।