Ankit Baliyan Murder Case: बहुचर्चित हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के दो संदिग्धों को उत्तर प्रेदश के शामली जिला पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।

 मारे गए आरोपियों का नाम सुमित और मोहित बताया जा रहा है जिनकी पुलिस को तलाश थी। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर सामने आई है। यह एनकाउंटर शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई।

DMSP ने दिया था परिवार को आश्वासन

इससे पहले शामली DM आलोक यादव और SP एनपी सिंह ने बंतीखेड़ा गांव पहुंचकर अंकित बालियान के पिता सतवीर सिंह समेत पूरे परिवार से मुलाकात की थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे। हालांकि इससे पहले परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी और चार दिन की मोहलत दी थी।

नाकेबंदी का प्लान बनाया

शामली के SP एनपी सिंह ने बताया कि, “हमारे इलाके के जानेमाने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हमारी SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी SHO, ASP और CO को इस केस में लगाया गया। आधी रात से सुबह 6 बजे तक नाकेबंदी का प्लान लागू कराया था ताकि बिना चेकिंग के कोई वाहन जिले में न घुस सके।” 

सुबह 4 बजे बाइक से आते दिखे थे बदमाश

एसपी एनपी सिंह ने बताया, “आज सुबह करीब 4 बजे, जब हिजाना के SHO वीरेंद्र कसाना अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, उन्होंने करनाल की तरफ से आती एक बाइक देखी। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो अपराधी सवार थे। उन्होंने तुरंत उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें वे बालबाल बचे, हालांकि उनकी गाड़ी में गोली लगी। उन्होंने तत्काल वायरलेस पर मैसेज भेजा। संदिग्धों की गाड़ी तेजी से भागी और कैराना की तरफ मुड़ गई।”

जब आरोपी मन्ना मादरा पुल के नीचे पहुंचे, तो कोतवाली स्टेशन के SHO धर्मेंद्र गौतम चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उन पर भी गोली चला दी, जिससे गाड़ी का विंडशील्ड टूट गया। उन्होंने तुरंत उन्हें चेतावनी दी। दोनों आरोपी शहर में बाईं ओर मुड़े, चूंकि वायरलेस पर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था, इसलिए SWAT टीम, सर्विलांस इंचार्ज, SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना सभी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिस की घेराबंदी को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम हुए और पुलिस ने उन्हें  एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

आरोपियों की तलाश में हरियाणा पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के हत्याकांड के तार हरियाणा से जुड़ रहे हैं। शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हरियाणा के हिसार, रोहतक और करनाल में आरोपियों की तलाश में लगी थीं। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी शूटर्स इन जिलों रहने वाले हैं।

वारदात के बाद हरियाणा के ओर भागे थे बदमाश

पुलिस जांच में पता चला कि अंकित बालियान को मारने के लिए कुल चार बदमाश आए थे। चारों ने एक साथ अंकित पर फायर किए थे। इनमें से दो पीले गमछे में दिखाई दे रहे थे। बताते हैं फायरिंग के बाद शूटर्स हरियाणा की ओर भागते दिखे थे, जिसके बाद पुलिस की जांच में हरियाणा की ओर भी मुड़ गई थी। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा कि वारदात के बाद एक आरोपी फोन से किसी से बात कर रहा था।

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।