राम मंदिर चढ़ावे की चोरी को लेकर बवाल मचा हुआ है. एसआईटी की जांच के बाद एफआईआर, गिरफ्तारी और छापेमारी का दौर जारी है. हालांकि इन सब विवादों के बीच बड़ी संख्या में भक्त राम मंदिर दर्शन करने पहुंच रहे हैं. लेकिन लोगों के मन में दान के पैसों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. तो बता दें कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद भी राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती जारी है. इसके लिए पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है.

जानकारी के मुताबिक गोपालजी राव की निगरानी में चढ़ावे की गिनती की जा रही है. गोपालजी राव ने चढ़ावे का बक्सा खुलवाया और वीडियोग्राफी के बीच पैसे को निकाल कर काउंटिंग रूम ले जाया गया.

गोपाल राव से भी SIT ने की पूछताछ

दरअसल राम मंदिर में अब ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव पैसों की निगरानी कर रहे हैं. हालांकि चढ़ावा चोरी मामले में गोपालजी राव से भी SIT ने पूछताछ की थी. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को राम मंदिर में चढ़ावे के बाद गोपाल राव ने बक्सा खुलवाया और उसकी गिनती करने के दौरान वीडियोग्राफी करवाई.

सीसीटीवी से कड़ी निगरानी

दानपात्र से नकदी निकालने से लेकर उसकी गिनती पूरी होने तक, सुरक्षा व्यवस्था में ढील नहीं दी गई. पूरे परिसर और काउंटिंग टेबल को हाईडेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों की नजर में रखा गया है. साथ ही कैमरों के ब्लाइंड स्पॉट्स को भी पूरी तरह खत्म कर दिया गया है ताकि कोई भी कैमरों की आड़ लेकर नोटों को इधरउधर न कर सके. इस दौरान गोपाल राव के साथसाथ संबंधित बैंक के विशेष रूप से अधिकृत किए गए बैंक कर्मचारी भी मौजूद रहे.