Saharanpur Cyber Crime Police: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक, सिम कार्ड, पीओएस मशीन समेत बड़ी मात्रा में साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, बेहट रोड निवासी कारोबारी अंशुल गुप्ता ने 16 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि कुकॉइन के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर उनसे 1 करोड़ 31 लाख 25 हजार 200 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई. निवेश के बाद जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो पैसा वापस नहीं मिला. इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

गाजियाबाद से 2 साइबर ठग अरेस्ट

जांच के दौरान साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सद्दाम और जावेद अंसारी को खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, एक एसर लैपटॉप, पीओएस मशीन, स्कैनर, 7 सिम कार्ड, 26 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 19 चेक बुक, 24 बैंक पासबुक, 20 चेक, 3 आधार कार्ड, एक पासपोर्ट, विभिन्न कंपनियों के दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं.

आरोपियों के खिलाफ 13 शिकायतें दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित के 4 लाख रुपए आरोपियों के एक बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे. खाते के दस्तावेजों में दिए गए पते फर्जी पाए गए. मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ 13 शिकायतें भी दर्ज हैं. एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई करने वाली साइबर क्राइम टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें और अपना OTP किसी से साझा न करें. साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं.