एक समय था जब किसी शहर में एकदो मशहूर कॉफी शॉप ही लोगों की पसंद होती थीं, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. बड़े महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक हर महीने नए कैफे खुल रहे हैं. इंस्टाग्राम पर खूबसूरत इंटीरियर, स्पेशलिटी कॉफी, लाइव म्यूजिक और अट्रैक्टिव मेन्यू के दम पर ये कैफे यंग लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं. पहली नजर में ऐसा लगता है कि कैफे खोलना एक फायदे का सौदा है, लेकिन हकीकत इससे काफी अलग है. हर साल बड़ी संख्या में नए कैफे शुरू तो होते हैं, लेकिन उनमें से कई कुछ महीनों या एकदो साल के भीतर ही बंद भी हो जाते हैं. सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्यों होता है? क्या अच्छी कॉफी या स्वादिष्ट खाना ही किसी कैफे को सफल बनाने के लिए काफी है, या इसके पीछे बिजनेस की कोई ऐसी रणनीति भी है, जिसे नजरअंदाज करने की कीमत कारोबारियों को अपना बिजनेस बंद करके चुकानी पड़ती है.

भारत का कैफे कारोबार तेजी से बदल रहा है. अब कस्टमर सिर्फ कॉफी पीने नहीं आते, बल्कि एक ऐसा एक्सपीरियंस भी चाहते हैं जिसे सोशल मीडिया पर शेयर किया जा सके. इंटरनेट, आरामदायक बैठने की जगह, बेहतर सर्विस, डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन ऑर्डरिंग, लॉयल्टी प्रोग्राम और लगातार बदलता मेन्यू जैसी कई चीजें अब किसी भी कैफे की सफलता तय करती हैं. इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले सालों में भारत का कैफे बाजार और तेजी से बढ़ेगा, लेकिन इस बढ़ते बाजार में टिके रहने के लिए केवल स्वाद नहीं, बल्कि मजबूत बिजनेस मॉडल, सही लोकेशन, तकनीक का इस्तेमाल और कस्टमर्स की बदलती पसंद को समझना सबसे जरूरी होगा. यही वजह है कि आज सफल कैफे सिर्फ कॉफी नहीं, बल्कि एक पूरा अनुभव बेच रहे हैं. सर्वे के अनुसार, अब कैफे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं और कई ग्राहक हफ्ते में कम से कम एक बार कैफे जरूर जाते हैं

  • भारत में कैफे की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन कॉम्पटिशन भी पहले से कहीं ज्यादा हो गई है.
  • अच्छी कॉफी या स्वाद के साथ अब माहौल, सर्विस और डिजिटल फैसिलिटी भी सफलता तय कर रही हैं.
  • सोशल मीडिया, ऑनलाइन डिलीवरी और कस्टमर एक्सपीरियंस कैफे बिजनेस के सबसे बड़े हथियार बन चुके हैं.

भारत का कैफे ट्रेंड

कितने खुलते हैं कैफे?

जानकारी के मुताबिक, भारत में हर साल औसतन 5,000 से 6,000 के करीब नए कैफे और कॉफी आउटलेट खुल रहे हैं. भारत में कैफे और रेस्टोरेंट का कारोबार शुरू करना जितना आसान दिखता है, उसे लंबे समय तक चलाना उतना ही मुश्किल है. इंडस्ट्री के अनुमान बताते हैं कि करीब 60% कैफे यानी 3600 कैफे और रेस्टोरेंट पहले ही साल बंद हो जाते हैं. वहीं, 5 साल के भीतर 80 से 85% तक कैफे अपना कारोबार बंद कर देते हैं

एक्सपीरियंस बेच रहे हैं कैफे

आज का कस्टमर सिर्फ एक कप कॉफी पीने के लिए कैफे नहीं जाता. वह ऐसी जगह चाहता है जहां आराम से बैठकर काम कर सके, दोस्तों से मिल सके या सोशल मीडिया के लिए तस्वीरें खींच सके. यही वजह है कि मॉर्डन कैफे अपने इंटीरियर, लाइटिंग, म्यूजिक, बैठने की व्यवस्था और माहौल पर पहले से कहीं ज्यादा इनवेस्ट कर रहे हैं. कई कैफे अब खुद को वर्क कैफे या कम्युनिटी स्पेस के रूप में भी पेश कर रहे हैं. कॉफी और बेवरेज कंस्लटेंट के अनुसार, 2026 तक देश में 70,000 से ज्यादा कैफे हैं और यह संख्या हर साल बढ़ती जा रही है. 2025 में ही देशभर में बड़े कैफे ब्रांड्स ने 600 से ज्यादा नए कैफे खोले.

क्वालिटीमाहौल का है खेल

यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले करीब 12 से 13 फीसदी की बढ़ोतरी दिखाता है. इसी के साथ, बड़े ब्रांड्स के अलावा छोटे और इंडीपेंडेट्स कैफे भी शहरों की मुख्य सड़कों, रिहायशी इलाकों और नए कारोबारी क्षेत्रों में तेजी से खुल रहे हैं. सालों पहले 250 रुपये की कॉफी लोगों को काफी महंगी लगती थी लेकिन, अब बड़े शहरों में एक कप कॉफी के लिए 250 से 350 रुपये तक खर्च करना आम बात हो गई है. हालांकि, लोग सिर्फ महंगी कॉफी के लिए पैसे नहीं दे रहे हैं. वो तभी ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार होते हैं, जब उन्हें अच्छी क्वालिटी, बेहतरीन माहौल और अच्छी सर्विस मिले. यानी अब कैफे के बीच मुकाबला सिर्फ सस्ती कॉफी बेचने का नहीं, बल्कि कस्टमर्स को बेहतर एक्सपीरियंस देने का है.

क्याक्या बदलाव हैं जरूरी

  • हेल्दी और पौष्टिक मेन्यू
  • वर्क कैफे का बढ़ता चलन
  • सोशल मीडिया के जरिए मार्केटिंग
  • खाने की क्वालिटी और हाइजीन
  • पर्यावरण के अनुकूल पहल
  • गेमिंग और दूसरी मनोरंजक गतिविधियां
  • आकर्षक इंटीरियर और बेहतर माहौल

हेल्दी और पौष्टिक मेन्यू लोग आजकल किसी भी कैफे का चुनाव वहां के मेन्यू के बेस पर भी करते हैं. पिछले कुछ समय में लोगों में हेल्थ और डाइट को लेकर ज्यादा जागरुकता बढ़ी है. इसलिए शुगरफ्री, हाईप्रोटीन और वीगन जैसी चीजें मेन्यू का हिस्सा बन रही हैं

वर्क कैफे का बढ़ता चलन कई लोग अब कैफे में बैठकर काम या पढ़ाई करना पसंद करते हैं, इसलिए तेज इंटरनेट, चार्जिंग पॉइंट और आरामदायक बैठने की व्यवस्था जरूरी हो गई है. इसलिए लोग उस हिसाब से कैफे डिजाइन करते हैं.

सोशल मीडिया के जरिए मार्केटिंग आज किसी कैफे की पहचान सिर्फ उसके बोर्ड से नहीं, बल्कि उसकी इंस्टाग्राम रील्स और ऑनलाइन रिव्यू से बनती है. कस्टमर पहले सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो देखते हैं, फिर वहां जाने का फैसला करते हैं.

खाने की क्वालिटी और हाइजीन कस्टमर्स अगर कहीं भी अपना पैसा और वक्त लगाता है, तो वो खाने के स्वाद से समझौता नहीं करना चाहता है. कैफे साफसुथरा हो और खाना में टेस्ट हो, तो ग्राहक दोबारा भी आना पसंद करते हैं

सस्टेनेबिलिटी पेपर पैकेजिंग, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल और लोकल प्रोडक्स का इस्तेमाल करने वाले कैफे कस्टमर्स को ज्यादा पसंद आ रहे हैं. साथ ही आज कल कई सार ऐसे कैफे हैं जो इस पहलू के साथ क्रिएटिवीटी भी दिखाते हैं.

गेमिंग और दूसरी मनोरंजक गतिविधियां बोर्ड गेम, लाइव म्यूजिक या दूसरी मजेदार गतिविधियां कस्टमर्स को कैफे में ज्यादा समय बिताने के लिए अट्रैक्ट करती हैं. इससे लोगों के साथ समय बिताना और दिलचस्प हो जाता है.

आकर्षक इंटीरियर और बेहतर माहौल कैफे का सुंदर लुक, आरामदायक माहौल और फोटो खींचने लायक सजावट लोगों को अपनी ओर खींचती है. आजकल ये किसी भी कैफे की सबसे बड़ी पहचान बन गई है.

कैफे का कॉन्सेप्ट

सही लोकेशन सबसे बड़ा बदलाव

कैफे बिजनेस में लोकेशन का महत्व सबसे ज्यादा माना जाता है. चाहे कॉफी कितनी भी अच्छी हो, अगर दुकान ऐसी जगह है जहां लोगों की आवाजाही कम है, तो कस्टमर जुटाना मुश्किल हो जाता है. दूसरी तरफ, अच्छी लोकेशन का किराया काफी महंगा होता है. ऐसे में कई नए कारोबारी शुरुआती लागत का सही अनुमान नहीं लगा पाते और कुछ समय बाद आर्थिक दबाव में कारोबार बंद करना पड़ता है.

तकनीक के बिना आगे बढ़ना मुश्किल

कैफे उद्योग में तकनीक की भूमिका तेजी से बढ़ी है. अब डिजिटल मेन्यू, QR कोड से ऑर्डर, UPI पेमेंट, ऑनलाइन टेबल बुकिंग, इन्वेंट्री मैनेजमेंट और कस्टमर डेटा का विश्लेषण सामान्य बात हो गई है. इससे न सिर्फ कस्टमरों को सुविधा मिलती है, बल्कि कारोबारियों को भी खर्च नियंत्रित करने और बिक्री बढ़ाने में मदद मिलती है.

ऑनलाइन डिलीवरी का जरिया

पहले कैफे की कमाई सिर्फ वहां आने वाले कस्टमरों पर निर्भर होती थी, लेकिन अब ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म ने कारोबार का दायरा बढ़ा दिया है. हालांकि, इन प्लेटफॉर्म की कमीशन दरें भी कारोबारियों के लिए चुनौती हैं. इसलिए कई कैफे अपनी खुद की वेबसाइट और डायरेक्ट ऑर्डर सिस्टम भी विकसित कर रहे हैं, ताकि कस्टमरों से सीधा जुड़ सकें.

स्टाफ और लागत सबसे बड़ी चुनौती

कैफे चलाने में सबसे बड़ी परेशानी ट्रेंड कर्मचारियों की उपलब्धता और बढ़ती लागत है. किराया, बिजली, कच्चे माल की कीमत, कर्मचारियों का वेतन और मार्केटिंग पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है. अगर बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं होती, तो मुनाफा कमाना मुश्किल हो जाता है. यही वजह है कि कई नए कैफे शुरुआती सालों में ही संघर्ष करने लगते हैं.