Ankit Balian murder: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अंकित सात महीने पहले सोनीपत में रहकर म्यूजिक वीडियो की शूटिंग कर रहे थे. उनके करीबियों के मुताबिक, सोनीपत में रहते हुए उन्हें रंगदारी और जान से मारने की धमकियां मिलने लगी थीं. इसके बाद उन्होंने सोनीपत छोड़ने का फैसला किया और शामली में आकर रहने लगे.

सोनीपत छोड़ने के बाद अंकित शामली शहर के नजदीक रहने लगे थे. वह यहीं से अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट और वीडियो शूटिंग का काम जारी रखे हुए थे. उनके काम का बड़ा हिस्सा हरियाणवी संगीत और अपराध की दुनिया से जुड़ी थीम पर आधारित था.
अंकित के कई गानों में गैंगवार, जेल, हथियार और बदमाशों की जिंदगी को दिखाया गया था. उनका एक चर्चित गाना कोर्ट में गोलीबारी की घटना की थीम पर भी आधारित था, जिसे यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज मिले हैं. अब पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर सकती है कि उनके पुराने गानों की वजह से किसी व्यक्ति या आपराधिक गिरोह से विवाद तो नहीं हुआ था.
हत्या के बाद सामने आई पोस्ट
अंकित की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर भोलू शाहपुरिया के नाम से एक कथित पोस्ट सामने आई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में अंकित के एक गाने और गैंग से जुड़ी कथित नाराजगी का जिक्र किया गया है. हालांकि, इस पोस्ट की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इसे हत्या की वजह या किसी गैंग की संलिप्तता का प्रमाण नहीं माना जा सकता. लेकिन अंकित को पहले धमकियां मिलने की बात और अब सामने आई कथित पोस्ट ने जांच का दायरा जरूर बढ़ा दिया है.
पुलिस खंगाल रही डिजिटल रिकॉर्ड
अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें लगाई हैं. जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया अकाउंट और हत्या से पहले अंकित के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है. पुलिस हरियाणा और दिल्ली समेत संभावित ठिकानों पर भी जांच कर रही है. साथ ही अंकित की दिनचर्या और उनके सोनीपत से शामली आने के बाद के संपर्कों की जानकारी भी अहम हो सकती है.
कैसे हुई अंकित की हत्या?
शामली में बुधवार शाम करीब 6:45 बजे जिम से बाहर निकलते ही अंकित बालियान पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हमलावरों ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में नाला पटरी के पास की बताई जा रही है.



