नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मंदिर शहर श्रीशैलम में एक रेस्ट हाउस से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोग फंदे से लटके मिले। आशंका जताई जा रही है कि पांचों लोगों ने आत्महत्या की है। पुलिस ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि, मंगलवार 25 अगस्त को मल्लिकार्जुन स्वामी मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए बने रेस्ट हाउस ‘वडेरा सतारम’ के एक कमरे में दो पुरुष और तीन महिलाएं फंदे से लटके मिले।

रेस्ट हाउस के कमरे में दो पुरुष पंखे से लटके मिले, जबकि तीन महिलाएं वॉशरूम में फंदे से लटकी हुई थीं। माना जा रहा है कि परिवार के पांचों सदस्यों ने तीन दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी। इस घटना का आज पता चला जब, कमरे से बदबू आनी शुरू हुई और उसके बाद कर्मचारियों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पांचों मृत पाए गए।

मृतकों में पल्लापु सुधाकर , गोगुला आदिलक्ष्मी , मल्लेश्वरी , श्रीदेवी और मणिकंठा के रूप में हुई है। मणिकंठा, मल्लेश्वरी का बेटा था। बताया जा रहा है कि परिवार एक महीने से इस रेस्ट हाउस में रह रहा था।

आर्थिक तंगी के चलते की आत्महत्या

आत्मकुर के डीएसपी रामंजनेयुलु ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि परिवार श्री सत्य साईं जिले के बत्तलापल्ली का रहने वाला था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार ने आत्महत्या की। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सुधाकर नाम का व्यक्ति, उसकी तीन बहनें और एक भतीजा पिछले महीने श्रीशैलम आए थे। वे लगभग एक महीने से उस कमरे में रह रहे थे।

28 जुलाई से रह रहा था परिवार

आगे जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार 28 जुलाई को ऑटोरिक्शा से आया था। उन्होंने कमरा नंबर 11 लिया था और 29 रुपए का दैनिक किराया दे रहे थे। जब कर्मचारियों ने उनसे कमरा खाली करने को कहा, तो उन्होंने और समय मांगा। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वे मंदिर में मन्नत मांगना चाहते हैं।

शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि परिवार बेहद आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। महिलाओं में से दो तलाकशुदा थीं। सुधाकर ने शादी नहीं की थी और अपनी बहनों की देखभाल कर रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।a